अबोहर में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के कार्यकर्ता और वकील सिकंदर कपूर के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। गुरुवार रात थार में सवार कुछ युवकों ने उन पर हमला कर घायल कर दिया। उन्हें सिर, मुंह और आंख पर गंभीर चोटें आई हैं। आसपास के लोगों ने उन्हें इलाज के लिए सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। हालत गंभीर होने के कारण सिकंदर कपूर को फरीदकोट रेफर किया गया है। थाना नंबर दो की पुलिस ने इस मामले में हमलावर युवकों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। जानकारी के अनुसार, यह घटना गुरुवार रात करीब 7:30 बजे पुरानी सूरज नगरी गली नंबर 6 में हुई। जब सिकंदर कपूर अपनी कार में जा रहे थे, तभी थार में सवार मोंटी जिंझा पुत्र भरत लाल (निवासी गांव बेगवाली) और दो अज्ञात लोगों ने उनकी कार रुकवाकर उन पर हमला कर दिया। सूत्रों के मुताबिक, पूरी घटना फ्लाईओवर के नीचे विश्वकर्मा डिपार्टमेंटल स्टोर के नजदीक लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। बताया जा रहा है कि कार क्रॉस करने को लेकर हुई बहस के बाद यह मारपीट हुई। थाना नंबर 2 की पुलिस ने सिकंदर कपूर के बयान के आधार पर मोंटी जिंझा और दो अज्ञात लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। नामजद आरोपी फिलहाल फरार हैं।


