अंबिकापुर के बिलासपुर चौक के पास बीती रात तेज रफ्तार हाईवा से बाइक सवार टकरा गए। सड़क पर गिरे एक बाइक सवार का सिर तेज रफ्तार हाइवा ने कुचल दिया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। बाइक चालक की मौके पर मौजूद लोगों ने पिटाई कर दी। घटना के बाद हाईवा का चालक वाहन लेकर फरार हो गया। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। घटना मणिपुर थाना क्षेत्र की है। जानकारी के मुताबिक, शनिवार रात करीब 9 बजे गांधीनगर अंतर्गत मुक्तिपारा निवासी दीपक मानिकपुरी (38 वर्ष) अपने एक साथी के साथ बाइक से जा रहा था। बिलासपुर चौक के पास उनकी बाइक को पीछे से आ रहे तेज रफ्तार हाईवा ने टक्कर मार दी। टक्कर के कारण संतुलन बिगड़ने से बाइक सवार सड़क पर गिर गए। दीपक मानिकपुरी को हाइवा ने कुचल दिया। तेज रफ्तार के कारण हादसा, बाइक चालक की पिटाई
हादसे में दीपक मानिकपुरी की मौके पर मौत हो गई। हादसे के दौरान हाइवा की रफ्तार तेज थी। हाइवा का चालक गाड़ी लेकर भाग निकला। मौके पर मौजूद लोगों ने घायल बाइक चालक की पिटाई भी कर दी। हादसे का CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसमें बाइक चालक लापरवाही से बाइक चलाते हुए दिख रहा है। घायल बाइक चालक को पुलिस ने मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल में दाखिल कराया। उसकी हालत खतरे से बाहर बताई गई है। बताया गया है कि बाइक चालक नशे ही हालत में था। घटना की सूचना पर मृतक दीपक मानिकपुरी के परिजन मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस फरार हाईवा चालक की तलाश कर ही है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज से पहचान की कोशिश की जा रही है। मणिपुर पुलिस ने हाइवा चालक के खिलाफ अपराध दर्ज किया है। शहर में बढ़े हिट एंड रन के मामले
अंबिकापुर शहर एवं प्रवेश मार्गों में भारी वाहनों की बेलगाम रफ्तार से लगातार हादसे हो रहे हैं। रिंगरोड सहित व्यस्त इलाकों में भी भारी वाहन तेजी से चलते हैं। चूंकि रिंगरोड शहर के बीच में आ गया है, इसके कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं।


