सरगुजा जिले में लग्जरी कार से अवैध शराब तस्करी कर रहे एक युवक को आबकारी विभाग ने दरिमा क्षेत्र में दबोच लिया। कार से करीब एक लाख रुपये की अवैध अंग्रेजी शराब जब्त की गई है जो मध्यप्रदेश से लाई जा रही थी। आबकारी विभाग ने इनोवा वाहन को जब्त कर लिया है। एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया है। इनोवा में सवार एक अन्य युवक भाग निकला। जानकारी के मुताबिक, जिला आबकारी उड़नदस्ता टीम ने दरिमा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम अडची में घेराबंदी कर संदिग्ध इनोवा कार को रोका गया। लग्जरी इनोवा कार पर ‘प्रेस’ लिखा हुआ था। आबकारी विभाग की टीम ने कार की जांच की तो कार में मध्यप्रदेश की लेबल लगी 15 पेटी अवैध शराब लोड मिली। शराब को आबकारी अमले ने जब्त कर लिया है। जांच के दौरान इनोवा में सवार एक अन्य युवक भाग निकला। आबकारी उपनिरीक्षक अनिल गुप्ता की टीम ने शराब तस्करी कर रहे रंजीत सिंह उर्फ लड्डू सिंह को हिरासत में लिया। उसके साथ बैठे मैनपाट के एक युवक को आबकारी अमले द्वारा छोड़ दिया गया। मैनपाट में खपाई जानी थी शराब
आबकारी विभाग के अनुसार मध्यप्रदेश की शराब तस्करों द्वारा मैनपाट लेकर जाया जा रहा था, जहां मंहगी कीमत पर शराब खपाई जानी थी। पकड़ा गया आरोपी लड्डू सिंह पूर्व में सरकारी शराब दुकान में काम करता था। हटाये जाने के बाद वह शराब तस्करी करने लगा। उसके साथी मैनपाट के जिस युवक को छोड़ा गया, वह भी अवैध शराब का कारोबार लंबे समय से कर रहा है। जब्त इनोवा वाहन क्रमांक CG 15 D 6444 अंबिकापुर की बताई गई है। आबकारी विभाग द्वारा गुड्डू सिंह के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है। आबकारी विभाग ने बताया कि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग गया। उसकी पहचान की कोशिश की जा रही है। कार्रवाई से बचने के लिए आरोपी इनोवा कार पर ‘प्रेस’ लिखवा कर शराब की तस्करी कर रहे थे, ताकि किसी को शक न हो।


