सलूम्बर 16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस 2026 के अवसर पर शनिवार को जिला कलेक्ट्रेट सभागार में भव्य समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलेक्टर अवधेश मीणा ने की। समारोह के दौरान विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने वाले बीएलओ, बीएलओ सुपरवाइजर तथा सर्वश्रेष्ठ ईएलसी विद्यालय एवं महाविद्यालयों को प्रमाण-पत्र एवं मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ. दिनेश राय सापेला, उप जिला निर्वाचन अधिकारी (अति. कलेक्टर) सलूम्बर रहे। उन्होंने सम्मानित होने वाले सभी बीएलओ एवं सुपरवाइजरों को अन्य कर्मचारियों के लिए प्रेरणास्रोत बताया और उनके कार्य की सराहना की। विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान किए गए प्रयासों के लिए सभी को बधाई दी। राज्य में प्रथम स्थान का श्रेय BLO टीम को- कलेक्टर कलेक्टर अवधेश मीणा ने अपने उद्बोधन में कहा कि सलूम्बर जिला पूरे राजस्थान में प्रथम स्थान पर रहा, जिसका श्रेय बीएलओ एवं बीएलओ सुपरवाइजरों की कड़ी मेहनत को जाता है। उन्होंने कहा कि बिना किसी मानसिक दबाव के सभी ने अपेक्षा से बेहतर कार्य किया है और भविष्य में भी इसी समर्पण के साथ कार्य करते रहने का आह्वान किया। मतदाता दिवस की दिलाई शपथ कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कार्मिकों को राष्ट्रीय मतदाता दिवस की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम का आयोजन अति. मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं जिला स्वीप नोडल प्रभारी दिनेश चन्द्र पाटीदार के निर्देशन में किया गया। ये रहे मौजूद समारोह में एसडीएम सुरेश कुमार लसाड़िया, एसडीएम दिनेश चन्द्र आचार्य, नायब तहसीलदार गिंगला रोडीलाल मीणा, नायब तहसीलदार जयसमंद तुलसीराम मीणा तथा जिला निर्वाचन अनुभाग प्रभारी फिरोज अली सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे।


