बड़वानी में सड़क पर बही सीवरेज की गंदगी:दूषित पानी सप्लाई होने से लोग नाराज, कंपनी की लापरवाही से रोड जाम किया

बड़वानी शहर के नवलपुरा छोटी कसरावद रोड पर सीवरेज लाइन बिछा रही निर्माण कंपनी की लापरवाही सामने आई है। लाइन फूटने की वजह से सड़कों पर गंदा पानी बहने लगा, जिससे गुस्साए रहवासियों ने रविवार को सड़क जाम कर प्रदर्शन किया। लोगों का आरोप है कि कंपनी के काम में देरी और लापरवाही की वजह से उनकी परेशानी बढ़ती जा रही है। सड़क पर फैला सीवरेज का पानी और बदबू शनिवार सुबह से ही सीवरेज और पीने के पानी की लाइनें फूटने से पूरी सड़क जलमग्न हो गई। यह गंदा पानी रामेश्वर महादेव मंदिर के सामने से होता हुआ गलियों तक पहुंच गया, जिससे पूरे इलाके में गंदगी और बदबू फैल गई है। आलम यह है कि लीकेज की वजह से शनिवार को कई घरों के नलों में भी दूषित पानी सप्लाई हुआ, जिससे लोगों के स्वास्थ्य पर खतरा मंडरा रहा है। पेयजल संकट से जूझ रहे लोग स्थानीय निवासी दुर्गेश यादव और राजेश सोनी ने बताया कि सीवरेज कार्य के चलते पिछले कई दिनों से पीने के पानी की लाइनें बंद हैं, जिससे घरों में पानी नहीं आ रहा है। लोगों का कहना है कि कंपनी सीसी रोड को बचाने के चक्कर में किनारे से खुदाई कर रही है, जिससे वहां पहले से मौजूद पेयजल और पुरानी सीवरेज लाइनें बार-बार क्षतिग्रस्त हो रही हैं। इंदौर जैसी स्थिति बनने का डर आक्रोशित लोगों ने नगर पालिका और निर्माण कंपनी से मांग की है कि पेयजल लाइनों को तुरंत सुधारा जाए। निवासियों ने चिंता जताई है कि अगर जल्द ही ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो बड़वानी में भी इंदौर के भागीरथपुरा जैसी गंभीर स्थिति बन सकती है। फिलहाल खुदाई और गंदगी की वजह से नवलपुरा मार्ग पर आवाजाही मुश्किल हो गई है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *