सिवनी जिले के छपारा थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर दोपहर में एक सड़क हादसा हुआ। छपारा कला बाईपास के समीप एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार को टक्कर मार दी, जिससे बाइक चालक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान धूमा निवासी सतीश यादव (55) के रूप में हुई है। सतीश यादव अपनी बाइक से धूमा से सिवनी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सिवनी से लखनादौन की दिशा में जा रहे एक ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। बाइक सवार की मौके पर ही मौत टक्कर इतनी भीषण थी कि सतीश यादव सड़क पर गिर पड़े और उन्हें सिर व शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं, जिसके कारण घटनास्थल पर ही उनकी मृत्यु हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही प्रत्यक्षदर्शियों ने तत्काल पुलिस को सूचित किया। छपारा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की। इसके बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। पुलिस ने ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। लोगों से सावधानी से वाहन चलाने की अपील छपारा थाना प्रभारी खेमेन्द्र जेतवर ने बताया कि सड़क दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत की सूचना मिली थी। फिलहाल मर्ग कायम कर मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि पुलिस लगातार वाहन चालकों को सावधानीपूर्वक वाहन चलाने की समझाइश देती है, लेकिन कुछ चालक लापरवाही बरतते हैं, जिससे ऐसी घटनाएं होती हैं। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और तेज रफ्तार व लापरवाही से वाहन न चलाएं, ताकि सड़क हादसों पर अंकुश लगाया जा सके।


