विदिशा में दो किराना दुकानों में लाखों की चोरी:टीन की चादर काटकर घुसे थे चोर, पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही

विदिशा के ढोलखेड़ी चौराहे पर शनिवार-रविवार की दरमियानी रात दो किराना दुकानों में चोरी हो गई। अज्ञात चोरों ने दुकानों के पीछे लगी टीन की चादर काटकर प्रवेश किया और लाखों रुपए का सामान चुराकर फरार हो गए। बामनखेड़ा निवासी राजमल दुबे की थोक किराना दुकान को निशाना बनाया गया। चोरों ने सुपारी का एक बोरा, राजश्री के तीन बोरे, तेल के केन, काजू, बादाम, किशमिश और अन्य कीमती किराना सामग्री चुरा ली। दुकानदार के अनुसार, चोरी हुए माल की कीमत लगभग 5 लाख रुपए है। इसी चौराहे पर नीरज धाकड़ की किराना दुकान में भी चोरी हुई। यहां से तेल के केन, शक्कर की बोरियां और अन्य किराना सामान चुराया गया। चोरी का पता तब चला जब सुबह दुकानदारों ने अपनी दुकानें खोलीं। उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस और ढोलखेड़ी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। ढोलखेड़ी चौकी प्रभारी इंदर सिंह ने बताया कि चौराहे पर स्थित दो दुकानों में चोरी की वारदात हुई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है और मामले की जांच जारी है। उन्होंने कहा कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इस घटना के बाद स्थानीय व्यापारियों ने क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *