हनुमानगढ़ में आयोजित मिनी सब जूनियर (छात्र) राज्य स्तरीय हॉकी प्रतियोगिता का रविवार को समापन हो गया। जंक्शन स्थित गुरु हरिकिशन पब्लिक स्कूल में जिला हॉकी संघ के देखरेख में हुई इस प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में मेजबान हनुमानगढ़ की टीम ने फलौदी को 8-0 से हराकर खिताब अपने नाम किया। फाइनल मुकाबले में हनुमानगढ़ की टीम ने शुरू से ही मैच पर नियंत्रण बनाए रखा। टीम ने तेज पासिंग, सटीक मूवमेंट और प्रभावी फिनिशिंग का प्रदर्शन करते हुए लगातार गोल दागे। फलौदी की टीम पूरे मैच में दबाव में रही और एक भी गोल नहीं कर सकी। समापन समारोह में भाजपा नेता अमित चौधरी और अमन संधू मुख्य मेहमान रहे। समारोह की अध्यक्षता जिला हॉकी संघ के अध्यक्ष राकेश बेनीवाल ने की। राष्ट्रीय हॉकी संघ के सचिव पवित्र बिश्नोई, जिला खेल अधिकारी शमशेर सिंह, पूर्व हॉकी खिलाड़ी गुरदीप सिंह और दर्शन सिंह संधू सहित कई गणमान्य व्यक्ति विशिष्ट मेहमान के रूप में उपस्थित थे। अतिथियों ने विजेता हनुमानगढ़, उपविजेता फलौदी और तीसरे स्थान पर रही भीलवाड़ा टीम को मेडल व स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया। मुख्य मेहमान अमित चौधरी ने कहा कि खेल बच्चों में अनुशासन, टीम भावना और आत्मविश्वास विकसित करते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों के उत्साह को देखते हुए भविष्य में एस्ट्रोटर्फ हॉकी मैदान के निर्माण के लिए प्रयास करने का आश्वासन दिया। अमन संधू ने ऐसे आयोजनों को ग्रामीण प्रतिभाओं के लिए महत्वपूर्ण मंच बताया। प्रतियोगिता में हनुमानगढ़ टीम के कप्तान भविष्य को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए ‘सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी’ चुना गया। चयनित खिलाड़ियों के लिए गांव निरवाल में कोच शेर सिंह के निर्देशन में एक विशेष प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जाएगा। इसके बाद ये खिलाड़ी 2 से 11 फरवरी तक लखनऊ में होने वाली राष्ट्रीय हॉकी चैंपियनशिप में राजस्थान का प्रतिनिधित्व करेंगे।


