राजस्थान ने हरियाणा को हराया, फाइनल में पहुंची:तीसरी नेशनल पैरा कबड्डी चैंपियनशिप में जगह बनाई

आंध्र प्रदेश के विशाखापट्‌टनम स्थित मेड टेक जोन में आयोजित तीसरी नेशनल पैरा कबड्डी चैंपियनशिप में राजस्थान टीम ने फाइनल में जगह बना ली है। टीम ने सेमीफाइनल मुकाबले में हरियाणा को हराकर यह उपलब्धि हासिल की। टूर्नामेंट में राजस्थान की टीम ने शुरुआत से ही मजबूत प्रदर्शन किया और लगातार जीत दर्ज की। लीग चरण में राजस्थान ने झारखंड को 22-2, तमिलनाडु को 54-13, मध्य प्रदेश को 70-18 और पंजाब को 54-13 से हराया। इन जीतों के साथ टीम अंक तालिका में शीर्ष स्थान पर रही। इसके बाद क्वार्टर फाइनल में महाराष्ट्र के खिलाफ एक रोमांचक मुकाबले में राजस्थान ने 74-69 से जीत दर्ज कर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। सेमीफाइनल में हरियाणा के खिलाफ राजस्थान ने एकतरफा खेल दिखाते हुए 32-13 से शानदार जीत हासिल की और फाइनल का टिकट कटाया। टीम इंचार्ज और अर्जुन अवॉर्डी जगसीर सिंह ने इस सफलता का श्रेय खिलाड़ियों की मेहनत, अनुशासित अभ्यास और मजबूत टीम भावना को दिया। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष दूसरी नेशनल पैरा कबड्डी चैंपियनशिप में टीम ने रजत पदक जीता था और इस बार उनका लक्ष्य स्वर्ण पदक जीतना है। राजस्थान पैरा कबड्डी संघ के अध्यक्ष जितेंद्र गुप्ता और सचिव संदीप कौर ने टीम के प्रदर्शन पर खुशी व्यक्त करते हुए खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने यह भी बताया कि हनुमानगढ़ में आयोजित 15 दिवसीय विशेष प्रशिक्षण शिविर ने खिलाड़ियों की तैयारी को मजबूत किया। अब फाइनल मुकाबले में राजस्थान का सामना हिमाचल प्रदेश से होगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *