कोरबा में गणतंत्र दिवस समारोह की तैयारियां पूरी हो गई हैं। 26 जनवरी को जिला मुख्यालय में आयोजित मुख्य समारोह में राजस्व और आपदा प्रबंधन, पुनर्वास, उच्च शिक्षा विभाग मंत्री टंकराम वर्मा ध्वजारोहण करेंगे और परेड की सलामी लेंगे। मुख्य समारोह फुटबॉल ग्राउंड सीएसईबी कोरबा (पूर्व) में आयोजित होगा। कार्यक्रम सुबह 08:59 बजे मुख्य अतिथि के आगमन के साथ शुरू होगा। सुबह 09:00 बजे ध्वजारोहण, 09:01 बजे सलामी और राष्ट्रगान होगा। इसके बाद परेड का निरीक्षण, मार्च पास्ट, मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन, सांस्कृतिक कार्यक्रम, विभागीय झांकियों का प्रदर्शन, शहीद परिवारों का सम्मान और पुरस्कार वितरण जैसे कार्यक्रम होंगे। गणतंत्र दिवस से पहले शहर के सरकारी भवनों और थाना चौकियों को विशेष रूप से सजाया गया है। सुरक्षा व्यवस्था की सभी तैयारियां पूरी एएसपी लखन पटले ने बताया कि गणतंत्र दिवस के लिए सुरक्षा व्यवस्था की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। शहर के चौक-चौराहों पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया जाएगा। इसके अलावा होटल, ढाबा, रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड सहित अन्य सार्वजनिक स्थानों पर भी गहन जांच की गई है। देर रात थाना चौकियों की ओर से अलग से गश्त की जाएगी। कार्यक्रम स्थल पर यातायात बाधित न हो, इसके लिए अलग से रूट तैयार किया गया है और ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारु बनाया जाएगा। मुख्य समारोह के लिए स्टेडियम में लगभग 200 से 250 सुरक्षाकर्मी तैनात किए जाएंगे।


