झुंझुनूं शहर के पास इंडाली रोड स्थित भेड़ा की ढाणी के पास रविवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। यहां एक कार, डंपर और पिकअप के बीच हुई जोरदार भिड़ंत में तीन वाहन क्षतिग्रस्त हो गए, जबकि दो वाहन असंतुलित होकर सड़क किनारे गड्ढे में जा गिरे। हादसे के दौरान वहां से गुजर रहा एक स्कूटी सवार भी चपेट में आ गया। गनीमत यह रही कि इतने बड़े हादसे के बावजूद किसी की जान नहीं गई और चार लोगों को मामूली चोटें आईं। तेज रफ्तार में थीं कारें प्रत्यक्षदर्शियों से मिली जानकारी के अनुसार, हादसा उस समय हुआ जब एक डंपर और कार झुंझुनूं शहर की ओर से इंडाली की तरफ जा रहे थे। डंपर की गति सामान्य थी, लेकिन उसके पीछे आ रही कार की रफ्तार काफी अधिक थी। इसी दौरान सामने से (इंडाली गांव की ओर से) एक पिकअप आ रही थी। डंपर से टकराई पिकअप तेज रफ्तार कार को बचाने के प्रयास में जब पिकअप चालक ने अचानक ब्रेक लगाए, तो पिकअप बेकाबू होकर सीधे डंपर से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप पलटी खाते हुए सड़क किनारे बने गड्ढे में जा गिरी। भिड़ंत के दौरान डंपर का टायर जोर के धमाके के साथ फट गया। वहीं, पिकअप से टकराने और खुद को बचाने की कोशिश में तेज रफ्तार कार भी सड़क पर पलट गई। इस दौरान वहां से गुजर रही एक स्कूटी भी पिकअप की चपेट में आ गई, जिससे स्कूटी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और चालक सड़क पर गिर पड़ा। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आस-पास के ग्रामीणों और भेड़ा की ढाणी के लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया।


