मोहला मानपुर अंबागढ़ चौकी जिला मुख्यालय मोहला के मिनी स्टेडियम में शनिवार को 77वें गणतंत्र दिवस समारोह का फुल ड्रेस रिहर्सल गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। इस दौरान मुख्य आयोजन की रूपरेखा का पूर्वाभ्यास किया गया। इस वर्ष जिला स्तरीय मुख्य समारोह में राजनांदगांव लोकसभा सांसद संतोष पांडेय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। वे 26 जनवरी को सुबह 9:00 बजे ध्वजारोहण करेंगे और परेड की सलामी लेंगे। रिहर्सल के दौरान अपर कलेक्टर मिथलेश डोंडे ने मुख्य अतिथि की भूमिका निभाई और ध्वजारोहण किया। आईटीबीपी, जिला पुलिस बल, एनसीसी और स्काउट गाइड की टुकड़ियों ने शानदार मार्च पास्ट किया। स्कूली बच्चों ने देशप्रेम से ओत-प्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रमों का पूर्वाभ्यास भी किया। कलेक्टर तुलिका प्रजापति और पुलिस अधीक्षक यशपाल सिंह ने संयुक्त रूप से व्यवस्थाओं का जायजा लिया। 26 जनवरी को मुख्य समारोह में मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन किया जाएगा। कर्तव्य के प्रति उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को पुरस्कृत किया जाएगा और शहीद परिवारों का सम्मान होगा। शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं और जिले के विकास को दर्शाती विभिन्न विभागों की झाँकियाँ भी निकाली जाएंगी। समारोह के दौरान ‘हर्ष फायर’ भी किया जाएगा। कलेक्टर प्रजापति ने मंच सज्जा, बैठक व्यवस्था, सुरक्षा के कड़े इंतजाम, निर्बाध बिजली आपूर्ति और पेयजल की उपलब्धता को लेकर संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। उन्होंने सभी अधिकारियों को सौंपे गए दायित्वों का निर्वहन समय सीमा के भीतर और निष्ठा के साथ करने को कहा। इस अवसर पर भारती चन्द्राकर, अपर कलेक्टर जीआर मरकाम, अन्य वरिष्ठ अधिकारी और पुलिस बल के जवान उपस्थित रहे।


