भास्कर न्यूज | जामताड़ा जामताड़ा जिले में 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस पूरे हर्षोल्लास के के साथ मनाया जाएगा। इसके लिए जिला प्रशासन ने सभी तैयारियों पूरी कर ली है। जिला स्तरीय मुख्य समारोह गांधी मैदान में आयोजित होगा, जहां देश की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक मूल्यों का संदेश दिया जाएगा। कार्यक्रम के अनुसार सुबह 8:50 बजे मंत्री गांधी मैदान पहुंचेंगे। इसके बाद शहीद स्मारक पर माल्यार्पण, सलामी एवं परेड निरीक्षण की औपचारिकताएं पूरी की जाएंगी। ठीक 9:00 बजे मंत्री राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे। ध्वजारोहण के बाद उनका संबोधन होगा, जिसमें वे जिलेवासियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं देंगे और विकास, एकता व सद्भाव का संदेश देंगे। मुख्य समारोह के दौरान आकर्षक परेड, झांकियां तथा सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से देशभक्ति की भावना को सशक्त रूप से प्रस्तुत किया जाएगा। साथ ही उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मियों, प्रतिभागियों और संस्थाओं को सम्मानित किया जाएगा। मुख्य कार्यक्रम के बाद जिले के विभिन्न सरकारी कार्यालयों में भी निर्धारित समय पर झंडोत्तोलन किया जाएगा। समाहरणालय, पुलिस अधीक्षक कार्यालय, उपायुक्त न्यायालय, अनुमंडल कार्यालय, एसडीपीओ कार्यालय, साइबर थाना, वन प्रमंडल कार्यालय, समादेष्टा कार्यालय तथा नव निर्मित पुलिस लाइन में गरिमामय वातावरण में तिरंगा फहराया जाएगा। जिला प्रशासन ने आम नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और कर्मचारियों से अपील की है कि वे समय पर कार्यक्रम में शामिल होकर राष्ट्रीय पर्व को गरिमा, अनुशासन और उत्साह के साथ मनाएं तथा राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों को निभाने का संकल्प लें।


