रीवा में तीन बदमाशों ने साइकिल से जा रहे एक बुजुर्ग को पकड़ लिया। उसे बाइक में बांधकर करीब तीन किमी तक घसीटा। इससे उनकी चमड़ी उधड़ गई। घटना शनिवार दोपहर की है। इसका वीडियो रविवार को सामने आया है। सेमरिया थाना पुलिस के मुताबिक, घटना भुसावल के आगे पड़रिया इलाके की है। बुजुर्ग को गंभीर हालत में संजय गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मुख्य आरोपी कुन्नू साकेत को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि दो बदमाश फरार हैं। घायल बुजुर्ग की पहचान लक्ष्मण प्रजापति के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, तीन युवक बाइक से जा रहे थे। इस बीच वहां से लक्ष्मण प्रजापति साइकिल से जा रहे थे। बाइक सवार बदमाशों ने उन्हें रुकने के लिए कहा। लक्ष्मण नहीं रुके तो बदमाशों ने उन्हें पकड़ लिया। पहले उनके साथ मारपीट की। इसके बाद बाइक से बांध दिया और सड़क पर घसीटने लगे। सड़क पर रगड़ने के कारण बुजुर्ग बुरी तरह लहूलुहान हो गए। परिजनों ने किया चक्काजाम, यातायात बाधित
इस घटना से नाराज परिजनों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। गुस्साए लोगों ने सेमरिया-रीवा मार्ग पर चक्काजाम कर दिया, जिससे कई घंटों तक यातायात बाधित रहा। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाइश देकर जाम खुलवाया। बहू बोली- ऐसा सलूक जानवरों से भी नहीं होता
पीड़ित की बहू सोनू प्रजापति ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा, “जिस तरीके से कई किलोमीटर सड़क पर घसीटा गया, ऐसा तो जानवरों के साथ भी सलूक नहीं किया जाता।” एडिशनल एसपी आरती सिंह ने बताया कि आरोपी शराब के नशे में थे। उन्होंने पहले बुजुर्ग को रोक कर पैसे मांगे। जब लक्ष्मण प्रजापति ने पैसे देने से इनकार किया तो आरोपी उनके पीछे लग गए। इसके बाद हाथ-पैर बांधकर उन्हें चलती बाइक से कई किलोमीटर तक घसीटा गया। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।


