भास्कर न्यूज | लातेहार झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार, रांची के निर्देश पर रविवार को जिला व्यवहार न्यायालय में राष्ट्रीय मतदाता दिवस मनाया गया। इस दौरान प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीष-सह-अध्यक्ष , जिला विधिक सेवा प्राधिकार शेषनाथ सिंह ने मौजूद न्यायिक अधिकारियों और कर्मचारियों को अपनी लोकतांत्रिक परंपराओं की मर्यादा को ध्यान में रखते हुए स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण निर्वाचन की गरिमा को अक्षुण्ण रखते हुए, निर्भीक होकर धर्म, वर्ग, जाति, समुदाय, भाषा समेत अन्य किसी भी प्रलोभन से प्रभावित हुए बिना सभी निर्वाचनों में अपने मताधिकार का प्रयोग करने की शपथ दिलाई। उन्होंने लोकतंत्र में मतदान के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि मतदान केवल हमारा अधिकार नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण के प्रति हमारा परम कर्तव्य है। एक सुदृढ़ लोकतंत्र तभी संभव है जब प्रत्येक नागरिक बिना किसी प्रलोभन या दबाव के अपने मताधिकार का प्रयोग करे। हम सभी की जिम्मेदारी है कि हम स्वयं मतदान करें और समाज के अन्य लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करें। मौके पर जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश प्रथम दिनेश कुमार मिश्रा, जिला और अपर सत्र न्यायाधीश तृतीय सुनिल दत्ता द्विवेदी, सीजेएम विक्रम आन्नद, एसीजेएम कुमारी जीव, सीनियर सिविल जज तृतीय-सह-न्यायिक दण्डाधिकारी मीनाक्षी मिश्रा, जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव शिवम चैरसिया, प्रधान न्यायिक दण्डाधिकारी, जेजेबी-सह-प्रभारी न्यायाधीश उत्कर्ष जैन, बार एसोसिएशन के सचिव संजय कुमार समेत अन्य लोग थे।


