पानी टंकी तुस्मा| ग्राम पंचायत तुस्मा के बाजार चौक में पेयजल समस्या दूर करने के लिए बनाई गई नई पानी टंकी का कोई लाभ नहीं मिल रहा है। लाखों रुपए की लागत से बनी यह पानी टंकी छह माह से तैयार खड़ी है, लेकिन अब तक इससे पानी की सप्लाई शुरू नहीं हो पाई है। ग्राम पंचायत तुस्मा के बाजार चौक और आसपास के मोहल्लों में लंबे समय से पेयजल की गंभीर समस्या है। गर्मी के मौसम में हालात और भी खराब हो जाते हैं। इस समस्या को देखते हुए संबंधित विभाग ने पानी टंकी का निर्माण कराया था। उम्मीद थी कि टंकी चालू होने से नियमित और शुद्ध पेयजल मिलेगा, लेकिन छह माह बीतने के बाद भी सप्लाई शुरू नहीं होने से निराशा है। पानी टंकी होने के बावजूद उन्हें पुराने जल स्रोतों पर निर्भर रहना पड़ रहा है। यदि समय रहते टंकी चालू नहीं की गई, तो आने वाले दिनों में पेयजल संकट और गहराने की आशंका है।


