भास्कर संवाददाता | रहटगांव राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की स्थापना के 100 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में ग्राम झाड़बीड़ा में रविवार को विराट हिंदू सम्मेलन एवं सहभोज का आयोजन किया गया। आयोजन का शुभारंभ पारंपरिक कलश यात्रा के साथ हुआ, जिसमें महिलाओं, बालिकाओं, युवाओं और पुरुषों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। डीजे, बैंड-बाजे और साधु-संतों के सान्निध्य में निकली कलश यात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए सम्मेलन स्थल पर पहुंची। यात्रा के दौरान “जय श्रीराम” के उद्घोष से पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गया। जगह-जगह पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का भव्य स्वागत किया गया। विराट हिंदू समाज सम्मेलन में झाड़बीड़ा, उमरदा, पांडरमाटी, छिरपुरा, डोंग, जवारदा, खत्माखेड़ा सहित आसपास के गांवों के सकल सर्व हिंदू समाज के बंधुओं ने बड़ी संख्या में सहभागिता की। सम्मेलन में उपस्थित साधु-संतों और वक्ताओं ने सनातन संस्कृति की गौरवशाली परंपरा, सामाजिक समरसता, पारिवारिक मूल्यों और नैतिक आचरण पर अपने विचार व्यक्त किए। वक्ताओं ने कहा कि समाज में आपसी एकता, सद्भाव और संस्कृति चेतना को सुदृढ़ करना आज की आवश्यकता है। आयोजन के माध्यम से समाज जागरण पर जोर आयोजकों ने स्पष्ट किया कि यह सम्मेलन किसी भी राजनीतिक उद्देश्य से नहीं, बल्कि सामाजिक और सांस्कृतिक चेतना को जागृत करने के उद्देश्य से आयोजित किया गया। सम्मेलन में बढ़ती सामाजिक दूरी, पारिवारिक विघटन और सामाजिक मूल्यों के क्षरण जैसे विषयों पर भी चिंतन किया गया। सम्मेलन के पश्चात सहभोज का आयोजन किया गया, जिसमें सभी ने एक साथ बैठकर भोजन किया। समापन अवसर पर भारत माता की आरती, सामूहिक संगीतमय हनुमान चालीसा, भजन और प्रार्थना के साथ शांति, सद्भाव और राष्ट्र उन्नति की कामना की गई। यात्रा के दौरान “जय श्रीराम” के उद्घोष से पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गया। आयोजन हिंदू सम्मेलन आयोजन समिति, सकल हिंदू समाज एवं ग्रामवासी हिंदू परिवारों के संयुक्त तत्वावधान में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।


