पिछले 24 घंटे के दौरान झारखंड का मौसम पूरी तरह शुष्क बना रहा। राज्य के कई इलाकों में सुबह के समय हल्का कोहरा और धुंध देखने को मिली, लेकिन दिन चढ़ने के साथ ही मौसम साफ हो गया। इस दौरान अधिकतम और न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार राज्य के अधिकतम तापमान में 2.1 से 4.0 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हुई है। कई स्थानों पर तापमान सामान्य से ऊपर दर्ज किया गया। सबसे अधिक अधिकतम तापमान 31.8 डिग्री सेल्सियस चाईबासा में रिकॉर्ड किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 8.1 डिग्री सेल्सियस गुमला में दर्ज हुआ। मौसम में इस बदलाव की वजह ऊपरी हवा में बने चक्रवाती परिसंचरण और पश्चिमी विक्षोभ का असर बताया जा रहा है, जिससे ठंडी हवाओं का प्रभाव कमजोर पड़ा है। सुबह कोहरा, दिन रहेगा साफ मौसम विभाग के अनुसार झारखंड में अगले एक सप्ताह तक मौसम शुष्क बना रहने की संभावना है। सुबह के समय राज्य के कई जिलों में हल्के से मध्यम स्तर का कोहरा या धुंध छा सकती है। हालांकि दिन बढ़ने के साथ आसमान मुख्यतः साफ रहेगा। उत्तरी झारखंड के कुछ हिस्सों में आंशिक बादल छाए रहने के संकेत हैं। विभाग का कहना है कि फिलहाल राज्य में बारिश की कोई संभावना नहीं है। अगले दो दिनों में न्यूनतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की उम्मीद नहीं है, लेकिन इसके बाद तीन दिनों में न्यूनतम तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है, जिससे ठंड से आंशिक राहत मिलेगी। 6 जिलों में 30 डिग्री तक जाएगा अधिकतम पारा जिलावार तापमान की बात करें तो उत्तर-पूर्वी झारखंड के देवघर, धनबाद, जामताड़ा, गोड्डा, पाकुड़ और साहिबगंज में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। उत्तर-पश्चिमी जिलों कोडरमा, चतरा, गढ़वा और पलामू में भी दिन का तापमान 29 से 30 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है। मध्य झारखंड के रांची, बोकारो, हजारीबाग, रामगढ़, गुमला और खूंटी में अधिकतम तापमान 26 से 29 डिग्री के बीच रहेगा। वहीं दक्षिणी झारखंड के पूर्वी व पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां राज्य के सबसे गर्म इलाके रहेंगे, जहां तापमान 31 डिग्री तक पहुंच सकता है। रांची में 29 जनवरी तक कोहरे की संभावना रांची और आसपास के क्षेत्रों में 25 से 29 जनवरी तक सुबह कोहरा या धुंध के बाद आंशिक बादल या साफ आसमान रहने की संभावना है। इस दौरान अधिकतम तापमान 26 से 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान 12 से 13 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने फिलहाल राज्य के किसी भी हिस्से के लिए कोई चेतावनी जारी नहीं की है। हालांकि सुबह के समय कोहरे और दिन में बढ़ती गर्मी को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने और आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।


