पंजाब के गुरदासपुर जिले में सीमा सुरक्षा बल (BSF) ने कार्रवाई करते हुए दो भारतीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पाकिस्तान की ओर से संदिग्ध ड्रोन गतिविधि की पुख्ता सूचना मिलने के बाद की गई। बीएसएफ जवानों ने एक सुनियोजित घात लगाकर तस्करों को उस समय पकड़ लिया जब वे पाकिस्तानी ड्रोन द्वारा गिराई गई खेप को उठाने की कोशिश कर रहे थे। गिरफ्तार किए गए तस्करों के पास से 550 ग्राम हेरोइन बरामद की गई, जो पीले पैकेट में एक हुक के साथ लिपटी हुई थी, जिससे यह स्पष्ट हो गया कि यह ड्रोन के जरिए गिराई गई खेप थी। इसके अलावा, दो मोबाइल फोन और एक हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी जब्त की गई। गांव चंदुवाला में हुई कार्रवाई यह अभियान गुरदासपुर जिले के चंदुवाला गांव के पास चलाया गया, जहां दोनों आरोपी पकड़े गए। ये दोनों आरोपी इसी गांव के निवासी हैं। फिलहाल आरोपियों से पूछताछ जारी है। वहीं आरोपियों से मिले फोन की फोरेंसिक जांच करवाई जाएगी, ताकि आरोपियों के बैकवर्ड व फारवर्ड लिंक पता चल सकें। ड्रोन तस्करी के खिलाफ बीएसएफ की मुहिम जारी बीएसएफ सीमा पार से होने वाली तस्करी और पाकिस्तान की ओर से बढ़ रही ड्रोन गतिविधियों को रोकने के लिए पूरी तरह सतर्क है। यह ऑपरेशन भारत की सुरक्षा एजेंसियों के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है, जिससे सीमावर्ती इलाकों में बढ़ रही नशा तस्करी पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी।


