मेयर प्रत्याशी बोले- मुस्लिम-क्रिश्चियन कोई नाराज नहीं, सब साथ:किरणदेव के साथ राजनीतिक रिश्ते पर संजय पांडेय ने कहा- उनका आशीर्वाद मेरे साथ है

जगदलपुर से भाजपा के मेयर प्रत्याशी संजय पांडेय ने दैनिक भास्कर से बातचीत में कहा कि, मुस्लिम और क्रिश्चियन वोटर्स कोई भी मुझसे या फिर पार्टी से नाराज नहीं है। सब हमारे साथ हैं। किरणदेव के साथ राजनीतिक रिश्ते ठीक नहीं होने के सवाल पर कहा कि, ये कांग्रेस का अच्छा मजाक है। किरणदेव का आशीर्वाद मेरे साथ है। पढ़िए पूरा इंटरव्यू… सवाल – कांग्रेस के मलकीत सिंह गैदू का संगठन में एक बड़ा नाम है। अब चुनाव में वे आपके सामने हैं। वोटर्स को साधने की कोशिश कर रहे हैं। आपके लिए कितना कठिन है चुनाव जीतना? जवाब – देखिए मेरे लिए यह चुनाव कोई कठिन नहीं है। भारतीय जनता पार्टी इस चुनाव को बड़ी आसानी से जीत रही है। चुनाव, चुनाव है, युद्ध युद्ध है और युद्ध को युद्ध के ढंग से ही लड़ा जाता है। हम किसी प्रत्याशी को कमजोर नहीं मानते। हमारे एक-एक कार्यकर्ता पूरी लगन और परिश्रम के साथ चुनाव लड़ रहे हैं। सवाल- नगर निगम की राजनीति करते आपको 20 साल से ज्यादा का वक्त हो गया है। जनता यह पूछ रही है कि आपने उनके लिए इन 20 सालों में क्या किया है? क्या गिनाएंगे आप जनता को? जवाब – मैं 10 साल पक्ष में और 10 साल विपक्ष में रहा। डॉ श्यामा प्रषाद मुखर्जी वार्ड को एक मॉडल वार्ड के रूप में बनाया। मुक्तिधाम, वीर सावरकर भवन, श्यामा प्रषाद मुखर्जी हॉल, पुराना बस स्टैंड, गंगामुंडा का पंडित दीनदयाल कॉम्पलेक्स, कुशाभाऊ ठाकरे नया बस स्टैंड, दर्जनों चौपाटी, संजय मार्केट के डेवलप करने काम काम भाजपा सरकार में ही हुआ है। 10 साल के बाद कांग्रेस अपने एक भी किए हुए कार्य गिना दे। क्योंकि इन्होंने कुछ किया ही नहीं। जब किया ही नहीं तो क्या गिनाएंगे और वोट मांगेंगे। कांग्रेस का काम है झूठा नैरेटिव फैलाना और वह यही कर रही है। लेकिन सफल नहीं होगी। सवाल – चर्चा है कि मुस्लिम और क्रिश्चियन वोटर्स आपसे नाराज हैं। उन्हें कैसे मनाएंगे? या फिर सिर्फ हिंदू वोटर्स से ही जीत जाएंगे। जवाब – कोई भी वोटर ना तो मुझसे नाराज है और ना ही भाजपा से। चाहे ईसाई हो या मुसलमान सबने मेरा काम देखा है और मेरे काम को सराहा है। ये गलत अफवाह फैलाई जा रही है। जातिवाद की राजनीति, धर्म की राजनीति करना ये कांग्रेस का काम है। ईसाई हो या मुसलमान दोनों समुदाय कांग्रेस को जवाब देंगे। सवाल – किरणदेव के साथ आपके राजनीतिक रिश्ते कुछ ठीक नहीं चल रहे हैं, इस पर आप क्या कहेंगे? जवाब – कांग्रेस ने यह कितना बड़ा मजाक बनाया है। किरणदेव जी का आशीर्वाद मेरे साथ है। वे प्रदेश अध्यक्ष हैं। भारतीय जनता पार्टी ने यदि मुझे टिकट दिया है तो क्या बिना किरणदेव के आशीर्वाद के दिया होगा। कांग्रेस के अंदर ही इतनी ज्यादा गुटबाजी है कि मलकीत सिंह को निपटाने के लिए पूरी कांग्रेस लगी हुई है। वे अब झूठी अफवाह फैला रहे हैं। भाजपा अनुशासन की पार्टी है। हमारे सारे वरिष्ठ नेता हमारे पूजनीय हैं। सवाल- ऐसे कोई काम जो बचे हुए हों और संजय यदि मेयर की कुर्सी पर बैठते हैं तो वे उन कामों को प्राथमिकता से करेंगे? जवाब – स्वच्छता के मामले में जगदलपुर की रैंकिंग 100 नंबर से भी नीचे है, जो शर्मनाक है। जगदलपुर की जनता को भी सफाई पसंद है। कांग्रेस की सरकार ने जगदलपुर शहर की तरफ बिल्कुल भी ध्यान नहीं दिया और यही वजह है कि जगदलपुर 20 से 25 साल पिछड़ गया है। हम सबसे पहले सुधार करेंगे। पूरा फोकस स्वच्छता पर होगा, किस तरह से इसकी रैंकिंग को बढ़ाएं और टॉप में लाएं। पूरे देश में जगदलपुर और बस्तर का नाम हो इस दिशा में काम करेंगे। शहर के पुराने जलाशय हैं, जिसे कांग्रेस ने बर्बाद कर दिया है। जब किरणदेव महापौर थे तब गंगामुंडा तालाब का सौंदर्यीकरण किया गया था। मेड़ को सड़क बनाया गया, बहुत से पौधे लगाए गए थे। पार्क बनाया, चौपाटी बनाई। जलकुंभी से खत्म किया। महादेव की प्रतिमा स्थापित की गई। लेकिन कांग्रेस ने अपनी गंदी राजनीति कर उस ओर ध्यान नहीं दिया और उसे खत्म कर दिया। दलपत सागर की भी सफाई नहीं कर पाए। हार्वेस्टर मशीन को लेकर बड़ा आंदोलन हुआ था, ये पूरा शहर जानता है। हम भी प्रयास करेंगे। लेकिन हमारे प्रयास में भ्रष्टाचार नहीं होगा हमारी मेहनत दिखेगी, हमारा विजन दिखेगा। सवाल – जगदलपुर से रायपुर तक की फ्लाइट शुरू की गई थी। इसका फायदा हर किसी को मिल रहा था। लेकिन अब यह फ्लाइट बंद हो चुकी है। क्या अब आप जगदलपुर की जनता को यह भरोसा दिलाएंगे कि मेयर बनने के बाद फ्लाइट शुरू करवाने के लिए यदि आपको आपकी सरकार के खिलाफ भी आंदोलन करना पड़े तो पूरी दमदारी से करेंगे? जवाब – देखिए हम सबको मालूम है कि जगदलपुर से रायपुर की फ्लाइट कितनी जरूरी है। हमारे भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष यहीं के हैं। हम हमारी केंद्र सरकार के साथ बात करेंगे। यदि जरूरी पड़ी आंदोलन करने की तो आंदोलन करके भी दिखाएंगे। रेल के लिए 28 दिनों का आंदोलन किया गया था। वो भी हमारी सरकार के खिलाफ ही था। हमें 4-4 ट्रेन मिली थी। भाजपा हमेशा जनता के हित की बात करती है। जनता के हित के लिए काम करती है। जो कांग्रेसी आज फ्लाइट की बात करते हैं आजादी के बाद से उस एयरपोर्ट पर गिल्ली-डंडा खेला करते थे। ड्राइविंग सीखा करते थे। लेकिन जब हमारी सरकार आई तो मोदी जी ने उड़ान योजना शुरू की। जिसके तहत एयरपोर्ट को डेवलप किया गया। फिर 3-3 फ्लाइट शुरू की गई। आज जगदलपुर बिलासपुर, हैदराबाद, जबलपुर और आगे दिल्ली से जुड़ गया है। टेक्निकल कारणों की वजह से रायपुर-जगदलपुर फ्लाइट बंद हो गई है। देश के अलग-अलग शहरों से जगदलपुर जुड़ा हुआ है। जिन्होंने देश की आजादी के बाद से कुछ किया ही नहीं उनके पेट में बड़ा दर्द है, हम कर रहे हैं। हम ही संवारे थे और हम ही संवारेंगे। …………………………………………… मलकीत बोले- भाजपा गिनाए एक साल में उन्होंने क्या किया: कहा- ये वही लोग जो पहले महापौर को भ्रष्ट कहते, फिर BJP में लेते हैं कांग्रेस प्रदेश संगठन के प्रभारी महामंत्री मलकीत सिंह गैदू अब चुनावी अखाड़े में उतर गए हैं। कांग्रेस ने उन्हें जगदलपुर मेयर चुनाव के लिए प्रत्याशी बनाकर चुनावी मैदान में उतारा है। इस चुनावी दंगल में उनके सामने भाजपा के संजय पांडेय हैं। वहीं मलकीत सिंह गैदू ने दैनिक भास्कर से खास बातचीत की। पढ़िए पूरा इंटरव्यू…

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *