बिलासपुर में CM साय फहराएंगे तिरंगा:छत्तीसगढ़ की जनता को देंगे संदेश, राज्य के विकास की झांकियों का प्रदर्शन, स्कूली छात्राओं की रंगारंग प्रस्तुतियां

गणतंत्र दिवस के अवसर पर बिलासपुर के पुलिस परेड ग्राउंड में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय तिरंगा झंडा फहराएंगे। ध्वजारोहण के बाद वे राज्य की जनता के नाम संदेश का वाचन करेंगे। सीएम साय परेड की सलामी लेंगे। इसके साथ ही प्रदेश के विकास को दर्शाती आकर्षक झांकियों का प्रदर्शन किया जाएगा। समारोह में स्कूली छात्राएं देशभक्ति गीतों पर आधारित रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति देंगी। जारी कार्यक्रम के अनुसार, सुबह 8.59 बजे मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का पुलिस मैदान में आगमन होगा। सुबह 9 बजे ध्वजारोहण और राष्ट्रगान होगा। 9.03 बजे मुख्यमंत्री परेड का निरीक्षण करेंगे। सुबह 9.06 बजे हर्ष फायर होगा। 9.13 बजे परेड का मार्च पास्ट होगा। 9.18 बजे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय राज्य की जनता के नाम संदेश का वाचन करेंगे। 9.48 बजे स्कूली बच्चों की ओर से सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। 10.20 बजे अलग-अलग शासकीय विभागों की आकर्षक झांकियां निकाली जाएंगी। इसके बाद 10.57 बजे जिले में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को सीएम साय की ओर से पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र प्रदान किए जाएंगे। 11.15 बजे गणतंत्र दिवस समारोह का समापन होगा। गणतंत्र दिवस समारोह को भव्य और गरिमामय बनाने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। पुलिस मैदान सजकर तैयार पुलिस मैदान में गणतंत्र दिवस समारोह को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के समारोह में शामिल होने को देखते हुए जिला प्रशासन ने व्यवस्थाओं में पूरी तत्परता दिखाई है। पुलिस मैदान को आकर्षक रूप से सजाया गया है। लोगों के बैठने की बेहतर व्यवस्था के साथ वाहन पार्किंग, बिजली और अन्य आवश्यक सुविधाएं भी सुनिश्चित की गई हैं। वंदे मातरम के 150 वीं वर्षगांठ के कार्यक्रम में हुए शामिल सीएम साय रविवार देर शाम बिलासपुर पहुंचे, जहां उन्होंने स्थानीय कार्यक्रमों में भाग लिया। गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर बिलासपुर के रिवर व्यू में वंदे मातरम गीत की 150वीं वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान आरपीएफ के बैंड ग्रुप ने देशभक्ति गीतों की मधुर धुनों से उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया। यह आयोजन देर रात तक चला। मुख्यमंत्री साय न्यू सर्किट हाउस में रात्रि विश्राम के बाद सुबह गणतंत्र दिवस समारोह में शामिल होंगे। पुलिस की चेतना अभियान की सराहना इस अवसर पर मुख्यमंत्री साय ने पुलिस विभाग की ओर से चलाए जा रहे चेतना अभियान की सराहना की। कार्यक्रम में सामाजिक जागरूकता को लेकर तैयार की गई एक शॉर्ट फिल्म का भी प्रदर्शन किया गया। एसएसपी रजनेश सिंह ने चेतना थीम पर आधारित अभियान की संक्षिप्त जानकारी दी। जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे उपस्थित कार्यक्रम में विधायक अमर अग्रवाल, धर्मजीत सिंह, धर्मलाल कौशिक, सुशांत शुक्ला, महापौर पूजा विधानी, सभापति विनोद सोनी, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी, क्रेडा अध्यक्ष भूपेंद्र स्वन्नी, कमिश्नर सुनील जैन, बिलासपुर आईजी राम गोपाल गर्ग, नगर निगम आयुक्त प्रकाश सर्वे, जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल सहित एमआईसी सदस्य, पुलिस, नगर निगम और विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।​​​​​​​

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *