डीएवीवी का दीक्षांत समारोह फरवरी में, राज्यपाल होंगे मुख्य अतिथि:214 मेडल दिए जाएंगे, 250 से अधिक शोधार्थियों को मिलेगी पीएचडी डिग्री

देवी अहिल्या विश्वविद्यालय (डीएवीवी) का दीक्षांत समारोह 16 फरवरी को आयोजित किया जाएगा। समारोह में शैक्षणिक सत्र 2023-24 और 2024-25 के मेधावी विद्यार्थियों को एक साथ सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राज्यपाल एवं कुलाधिपति मंगु भाई पटेल रहेंगे। कुलगुरु डॉ. राकेश सिघई और रजिस्ट्रार प्रज्ज्वल खरे ने अधिकारियों के साथ बैठक कर दीक्षांत समारोह की तैयारियों की समीक्षा की। विश्वविद्यालय प्रशासन ने सभी विभागों को निर्देश दिए हैं कि मेधावी विद्यार्थियों की सूची तीन दिन के भीतर पोर्टल पर अपलोड की जाए। रविवार को खुला रजिस्ट्रेशन पोर्टल
दीक्षांत समारोह में शामिल होने के लिए विद्यार्थियों और शोधार्थियों को ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन अनिवार्य होगा। पंजीयन प्रक्रिया 25 जनवरी से शुरू होकर 15 दिन तक चलेगी। रजिस्ट्रेशन के दौरान विद्यार्थियों को निर्धारित ड्रेस कोड (मालवी पगड़ी, अंगवस्त्र और खादी जैकेट) के लिए तय शुल्क भी जमा करना होगा। बजट निर्धारण के लिए चार सदस्यीय समिति गठित
समारोह के बजट निर्धारण के लिए विश्वविद्यालय ने चार सदस्यीय वित्तीय समिति का गठन किया है। समिति खर्च का विस्तृत एस्टीमेट तैयार करेगी, जिसे जनवरी के अंतिम सप्ताह में होने वाली कार्यपरिषद (ईसी) की बैठक में मंजूरी के लिए रखा जाएगा। बजट स्वीकृत होते ही टेंडर प्रक्रिया और अन्य व्यवस्थाएं शुरू की जाएंगी। 250 से अधिक शोधार्थियों को पीएचडी की उपाधि
दीक्षांत समारोह में 250 से अधिक शोधार्थियों को पीएचडी की डिग्री प्रदान की जाएगी। इसके साथ ही बीकॉम, बीएससी, एमकॉम, एमबीए, एलएलबी, एमएससी सहित विभिन्न पाठ्यक्रमों के विद्यार्थियों को डिग्रियां दी जाएंगी। समारोह में कुल 214 मेडल प्रदान किए जाएंगे। इनमें 192 गोल्ड और 22 सिल्वर मेडल शामिल हैं। 2023-24 और 2024-25 सत्र 96 विद्यार्थियों को गोल्ड और 11 विद्यार्थियों को सिल्वर मेडल दिए जाएंगे। 5 नए मेडल अगले सत्र से मिलेंगे
विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार, पिछले वर्ष घोषित किए गए 5 नए पदक इस बार नहीं, बल्कि अगले सत्र के दीक्षांत समारोह से वितरित किए जाएंगे। प्रशासन का मानना है कि यह आयोजन विद्यार्थियों और शोधार्थियों के लिए प्रेरणादायक साबित होगा। खेल, एनएसएस और एनसीसी में उत्कृष्ट प्रदर्शन पर विशेष पदक
शिक्षा के साथ-साथ खेल गतिविधियों और एनएसएस में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को ‘द प्रेसिडेंट ऑफ इंडिया डॉ. शंकरदयाल शर्मा स्वर्ण पदक’ से सम्मानित किया जाएगा। वहीं, एनसीसी कैडेट्स को भी पहली बार पदक प्रदान किया जाएगा। इसके लिए राजेंद्र कुमार यादव की स्मृति में विशेष पदक स्थापित किया गया है। विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार, इन पदकों के लिए चयनित विद्यार्थियों की सूची 30 जनवरी तक जारी कर दी जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *