दतिया में रेत चेकपोस्ट के विवाद में की थी हत्या:21 और 19 साल के युवकों ने नाबालिग के साथ मिलकर मारी थी गोली, पुलिस ने किया खुलासा

दतिया जिले के सरसई थाना क्षेत्र में हुई हत्या के मामले का खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक अपचारी बालक को अभिरक्षा में लिया गया है। आरोपियों के पास से दो मोटरसाइकिल और मारपीट में इस्तेमाल किए गए दो डंडे भी जब्त किए गए हैं। भांडेर एसडीओपी ने बताया कि 23 जनवरी की रात ग्राम मुस्तरा में रेत चेकपोस्ट को लेकर हुए विवाद में एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस घटना में दो युवक भी घायल हुए थे। पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। गिरफ्तार आरोपियों में आकाश गिरी (19) निवासी ग्राम बैदा और पियूष यादव (21) निवासी सलेतरा, थाना भांडेर शामिल हैं। दोनों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की तैयारी की जा रही है। क्या है पूरा मामला फरियादी छत्रपाल सिंह राजपूत (49), निवासी सुनारपुरा तहसील गोरमी जिला भिंड ने पुलिस को बताया कि वह शिवा कॉरपोरेशन रेत कंपनी में ग्राम मुस्तरा नदी घाट पर रॉयल्टी काटने का काम करते हैं और वहीं किराये के मकान में रहते हैं। 23 जनवरी की रात करीब 9 बजे अजय लुहार और उसके साथ आए कुछ लोग उनके मकान में घुस आए और लाठी-डंडों से मारपीट करने लगे। शोर सुनकर पड़ोसी अमर सिंह राजपूत अपनी पत्नी और भतीजे के साथ बीच-बचाव करने पहुंचे। इसी दौरान अजय झा ने कट्टे से फायर कर दिया, जिससे अमर सिंह के सीने में गोली लग गई। गंभीर हालत में उन्हें मेडिकल कॉलेज झांसी ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस की कार्रवाई सरसई थाना पुलिस ने घटनास्थल से मिले सबूत, तकनीकी जानकारी और मुखबिरों की सूचना के आधार पर तेजी से कार्रवाई करते हुए आरोपियों को पकड़ लिया। पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *