चोरी का मोबाइल इस्तेमाल करते युवक गिरफ्तार:हनुमना पुलिस ने साइबर सेल की मदद से आरोपी को दबोचा

मऊगंज जिले के हनुमना थाना क्षेत्र में पुलिस ने रविवार को चोरी के एक मामले का खुलासा किया है। पुलिस ने चोरी का मोबाइल इस्तेमाल कर रहे एक युवक को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक दिलीप सोनी के निर्देश पर साइबर सेल की तकनीकी सहायता से की गई। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुमित केवट उर्फ घोचू (20) के रूप में हुई है। हनुमना थाना पुलिस ने उसे चोरी के मोबाइल का उपयोग करते हुए पकड़ा। इस कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विक्रम सिंह और एसडीओपी मऊगंज सची पाठक का मार्गदर्शन भी रहा। 3 नवंबर से गायब था मोबाइल और लैपटॉप पुलिस के अनुसार, यह मामला 3 नवंबर 2025 को फरियादी अनिल कुमार केशरवानी द्वारा दर्ज कराई गई रिपोर्ट से जुड़ा है। अनिल कुमार केशरवानी, निवासी वार्ड क्रमांक 12, सीधी रोड हनुमना ने बताया था कि 2-3 नवंबर की रात अज्ञात चोर उनके घर से लैपटॉप और मोबाइल चोरी कर ले गए थे। इस पर हनुमना थाने में बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान, चोरी हुए मोबाइल की तलाश के लिए साइबर सेल की मदद ली गई। तकनीकी जांच से पता चला कि चोरी का मोबाइल मऊगंज में सुमित केवट उर्फ घोचू द्वारा इस्तेमाल किया जा रहा था। पुलिस ने उसे रविवार को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी सुमित केवट ने मोबाइल अपने मित्र साहुल केवट से लेना स्वीकार किया। इसके बाद, गवाहों के समक्ष मोबाइल को जब्त कर आरोपी सुमित केवट को गिरफ्तार कर लिया गया। उसे न्यायालय में पेश किया गया है। गिरफ्तार आरोपी सुमित केवट के खिलाफ पूर्व में भी मारपीट और धमकी से जुड़े तीन आपराधिक मामले दर्ज हैं। इस मामले को सुलझाने में हनुमना थाना स्टाफ और साइबर सेल की भूमिका महत्वपूर्ण रही।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *