हैदराबाद में राष्ट्रीय ताइक्वांडो चैंपियनशिप:झारखंड के सिंहभूम जिले ने 2 स्वर्ण समेत जीते 7 पदक, कैडेट और सीनियर वर्ग में दिखाया दम

हैदराबाद के कोटला विजय भास्कर रेड्डी इंडोर स्टेडियम में आयोजित राष्ट्रीय ताइक्वांडो चैंपियनशिप में झारखंड के पश्चिम सिंहभूम जिले ने शानदार प्रदर्शन किया। 7वीं नेशनल कैडेट पूमसे और 13वीं नेशनल सीनियर पूमसे चैंपियनशिप 2024-25 में जिले के खिलाड़ियों ने कुल 7 पदक जीते, जिनमें 2 स्वर्ण, 3 रजत और 2 कांस्य पदक शामिल हैं। कैडेट पूमसे में हरेन्द्र टुडू ने व्यक्तिगत स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता, जबकि आलोक महतो, अंशुमन बानरा और सक्षम कुमार की टीम ने समूह स्पर्धा में कांस्य पदक हासिल किया। सीनियर पूमसे वर्ग में सुनिता बोबोंगा, नूतन गागराई और प्रिति लोहार की टीम ने समूह स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता। इसी वर्ग में शिखा मुंडा ने व्यक्तिगत स्पर्धा में रजत पदक अपने नाम किया। सभी खिलाड़ियों को मिली जीत की शुभकामनाएं सीनियर फ्रीस्टाइल पूमसे में निहारिका तांती ने व्यक्तिगत स्पर्धा में रजत पदक जीता। वहीं सुनिता बोबोंगा, पूनम सोय और निहारिका तांती की टीम ने समूह स्पर्धा में भी रजत पदक हासिल किया। ये सभी खिलाड़ी जमशेदपुर में आयोजित झारखंड राज्य ताइक्वांडो प्रतियोगिता के माध्यम से चुने गए थे। पश्चिम सिंहभूम जिला ताइक्वांडो संघ के महासचिव अनुराग शर्मा ने खिलाड़ियों की इस उपलब्धि को उनकी मेहनत और समर्पण का परिणाम बताया। संघ के अध्यक्ष प्रमोद भगोरिया और उपाध्यक्ष विजय दत्त ने भी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि यह जीत राज्य के अन्य युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *