फगवाड़ा में एक और नाबालिग लड़की के लापता होने का मामला सामने आया है। मोहल्ला मेहली गेट की रहने वाली 15 वर्षीय छात्रा शनिवार को अपने घर से लापता हो गई। परिवार का आरोप है कि एक युवक उनकी बेटी को बहला-फुसलाकर ले गया है। पीड़िता की माँ ने बताया कि वह और उनके पति 27 जनवरी को रोजाना की तरह काम पर गए थे। घर में उनकी दो बेटियां अकेली थीं। दोपहर करीब 12 बजे जब वह घर लौटी तो 10वीं कक्षा में पढ़ने वाली बड़ी बेटी घर पर नहीं थी। छोटी बेटी को भी बड़ी बहन के बारे में कुछ नहीं पता था। परिजनों ने आसपास के क्षेत्र में छानबीन की, लेकिन उनकी बेटी का कहीं पता नहीं चला। बाद में पता जानकारी मिली कि लविया मोहल्ले का रहने वाला रहमत (मोहम्मद राजा का बेटा) लड़की से बात करता था। परिवार को आशंका है कि वह शादी का झांसा देकर उनकी बेटी को भगा ले गया है। थाना सिटी फगवाड़ा पुलिस ने पीड़िता की माँ की शिकायत पर आरोपी युवक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। जांच अधिकारी एएसआई जसवंत सिंह ने बताया कि आरोपी और नाबालिग छात्रा की तलाश के लिए छापेमारी की जा रही है।


