विधायक के चेहरे से केक पोंछने पर आपत्ति:कांग्रेस बोली- अंडे वाला केक जय श्री राम लिखे गमछे से छुड़ाया, महापाप लगेगा

रीवा के मनगवां विधानसभा क्षेत्र के विधायक इंजीनियर नरेंद्र प्रजापति के जन्मदिन पर आयोजित धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रम के दौरान एक विवाद सामने आ गया है। विधायक के जन्मदिन समारोह में केक काटने के बाद चेहरे पर लगा केक उन्होंने ‘जय श्री राम’ लिखे भगवा गमछे से पोंछ लिया, जिस पर कांग्रेस ने कड़ी आपत्ति जताई है। इस पूरे मामले को लेकर कांग्रेस ने इसे धार्मिक भावनाओं से जुड़ा बताते हुए विरोध दर्ज कराया है। कांग्रेस के मनगवां विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि विधायक ने जिस गमछे पर ‘जय श्री राम’ लिखा है,आशंका के अनुसार उससे अंडा युक्त केक पोंछना आस्था का अपमान है। हालांकि की किसी भी तरह का केक नहीं पूछना था। भगवान का नाम बहुत पवित्र और पावन होता है। आज यह स्पष्ट हो गया है कि विधायक भगवान राम का सहारा केवल चुनाव जीतने के लिए लेते हैं। कांग्रेस ने इसे फिल्म पठान के दौरान दीपिका के भगवा कपड़ों को लेकर उपजे विवाद को याद कराया। तीन तस्वीरें देखिए… कांग्रेस नेता ने कहा कि अधिकांश केक में अंडा होता है और ऐसे में धार्मिक नारे वाले गमछे से केक पोंछना महापाप की श्रेणी में आता है। कांग्रेस की मांग है कि विधायक इस कृत्य के लिए सार्वजनिक रूप से माफी मांगें। उधर, जन्मोत्सव के अवसर पर विधायक के समर्थन में आयोजित कार्यक्रम में विशाल हिंदू सम्मेलन, सुंदरकांड पाठ, वरिष्ठजनों का सम्मान एवं भंडारा-प्रसाद वितरण किया गया। कार्यक्रम का आयोजन 25 जनवरी 2026, रविवार को दोपहर 11 बजे से सुरानाथ मंदिर परिसर, सुरा में किया गया, जिसमें क्षेत्र के बड़ी संख्या में श्रद्धालु, कार्यकर्ता एवं आमजन शामिल हुए। हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि कार्यक्रम में काटा गया केक अंडा वाला था या नहीं। वहीं, इस पूरे विवाद पर भाजपा विधायक नरेंद्र प्रजापति की ओर से फिलहाल कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। इस मामले को लेकर क्षेत्रीय राजनीति गरमा गई है और यह विवाद चर्चा का विषय बना हुआ है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *