टीकमगढ़ में पिछले 48 घंटों से सर्द हवाएं चल रही हैं, जिसके कारण दिन के तापमान में 8 से 9 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों में बारिश की संभावना जताई है। सोमवार सुबह हल्का कोहरा छाया रहा, हालांकि आसमान साफ था। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 28.5 डिग्री सेल्सियस था, जो शनिवार को घटकर 19 डिग्री पर आ गया। रविवार को यह 20.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान में भी गिरावट आई है। शुक्रवार को 14 डिग्री सेल्सियस था, जो शनिवार को 10 डिग्री और रविवार रात को 10.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। कल बारिश की संभावना मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार को बारिश होने की संभावना है। इसके बाद बुधवार से दिन और रात के तापमान में फिर से गिरावट आएगी। किसान महिपाल यादव ने बताया कि वर्तमान में गेहूं, चना और सरसों की फसलें अच्छी स्थिति में हैं और बारिश से उन्हें लाभ होगा, जिससे किसानों के एक पानी की बचत होगी। मौसम विभाग ने 15 से 20 फरवरी तक दिन और रात के तापमान में लगातार उतार-चढ़ाव की बात कही है। सिविल सर्जन डॉ. अमित शुक्ला ने ऐसे मौसम में मौसमी बीमारियों के खतरे को देखते हुए छोटे बच्चों और हृदय रोगियों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। उन्होंने दिन की धूप देखकर लापरवाही न करने और रात में अचानक तापमान गिरने से बढ़ने वाली ठंड के प्रति सचेत रहने को कहा है।


