एनाम खान | गढ़वा जिले के प्रमुख सार्वजनिक स्थल बिरसा मुंडा पार्क में लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने और नि:शुल्क व्यायाम की सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से लगाए गए ओपन जिम उपकरण आज बदहाली का शिकार हो चुके हैं। देखरेख के अभाव में जिम के कई उपकरण क्षतिग्रस्त होते जा रहे हैं। जिससे पार्क में नियमित रूप से आने वाले लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। कई उपकरण टूट-फूट का शिकार हैं तो कुछ जर्जर अवस्था में पहुंच चुके हैं। जिससे इनके उपयोग में जोखिम बना रहता है। बिरसा मुंडा पार्क गढ़वा शहर का एक प्रमुख आकर्षण माना जाता है। यहां सुबह और शाम के समय बड़ी संख्या में लोग टहलने, योग करने और व्यायाम के लिए पहुंचते हैं। खासकर बुजुर्गों, युवाओं और महिलाओं के लिए पार्क में लगाए गए ओपन जिम उपकरण किसी सुविधा से कम नहीं थे। जब इन उपकरणों को लगाया गया था। उस समय लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला था। सुबह-शाम पार्क में व्यायाम करने वालों की अच्छी-खासी भीड़ रहती थी। लेकिन बीते कुछ महीनों से उपकरणों की स्थिति लगातार खराब होती जा रही है। जिससे लोग इनके उपयोग से कतराने लगे हैं। मरम्मत नहीं होने से परेशानी स्थानीय लोगों का कहना है कि कई उपकरणों के पुर्जे टूट चुके हैं। कुछ जंग खा गए हैं। जबकि कुछ मशीनें चलने लायक ही नहीं बची हैं। व्यायाम करने आए एक युवक ने बताया कि यहां मशीनें तो मौजूद हैं। लेकिन उनकी हालत बेहद खराब है। कई बार व्यायाम करते समय चोट लगने का डर बना रहता है। ऐसे में लोग चाहकर भी इनका उपयोग नहीं कर पा रहे हैं। वहीं, एक बुजुर्ग ने कहा कि सरकार और संबंधित विभाग यदि सार्वजनिक सुविधाएं उपलब्ध कराते हैं तो उनकी नियमित देखरेख की जिम्मेदारी भी लेनी चाहिए। केवल उपकरण लगवा देना ही पर्याप्त नहीं है। बल्कि समय-समय पर उनकी मरम्मत और रख-रखाव भी जरूरी है।


