बूंदी के देईखेड़ा इलाके में कार और बाइक की भिड़ंत में पति-पत्नी की मौत हो गई। हादसा कोटा-लालसोट मेगा हाईवे पर पापड़ी रेलवे ओवर ब्रिज (आरओबी) पर रविवार दोपहर करीब दो बजे हुआ। बाइक सवार दंपती घाट का बराना से लाखेरी जा रहे थे। वहीं, कार सवार सवाईमाधोपुर की तरफ से आ रहा था। दंपती की मौत से तीन बच्चों के सिर से माता-पिता का साया उठ गया। देईखेड़ा थानाधिकारी चंद्र भान सिंह ने बताया कि घाट का बराना निवासी महावीर केवट (52) और उनकी पत्नी सौम्या केवट (48) बाइक से घाट का बराना से लाखेरी जा रहे थे। इसी दौरान दौसा-कोटा मेगा हाईवे पर पापड़ी रेलवे ओवर ब्रिज पर सामने आ रही तेज रफ्तार कार ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी की बाइक सवार पति-पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से देईखेड़ा अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए दोनों को कोटा रेफर किया गया। कोटा अस्पताल में इलाज के दौरान दोनों ने दम तोड़ दिया। मृतक खेती का काम करता था और उसकी पत्नी हाउस वाइफ थी। देईखेड़ा पुलिस ने दुर्घटना में शामिल कार को जब्त कर लिया है और हादसे की जांच कर रही है। कार ड्राइवर के खिलाफ भी कार्रवाई की जा रही है। तीन बच्चों के सिर से उठा माता पिता का साया
हादसे में दंपती की मौत से तीन बच्चों के सिर से माता-पिता का साया उठ गया। माता-पिता की मौत से तीनों बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। महावीर के दो लड़के और लड़की है। इनमें एक लड़के और लड़की की शादी हो चुकी है। माता-पिता की मौत के बाद परिवार के भरण पोषण की जिम्मेदारी बडे़ बेटे मनीष के कंधों पर आ गई है। भगवान देवनारायण का पूर्णाहुति कार्यक्रम स्थगित
हादसे मे दंपती की मौत की सूचना के बाद गांव में शोक की लहर फैल गई। गांव के हर कार्यक्रम मे भागीदार रहने वाले महावीर केवट की असमय मौत के बाद गुर्जर समाज का चार फरवरी को होने वाला भगवान देवनारायण का पूर्णाहुति कार्यक्रम स्थगित कर दिया। आयोजन समिति के सदस्य शिवराज गुर्जर ने बताया कि मृतक महावीर आयोजन समिति का सक्रिय सदस्य था।


