टीकमगढ़ में गणतंत्र दिवस का मुख्य समारोह सोमवार को पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित किया गया। कलेक्टर विवेक श्रोत्रिय ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। मुख्य समारोह से पहले उन्होंने कलेक्ट्रेट कार्यालय और अपने बंगले पर भी तिरंगा फहराया था। सुबह ठीक 9 बजे कलेक्टर मुख्य समारोह स्थल पर पहुंचे और ध्वजारोहण किया। इसके बाद उन्होंने पुलिस अधीक्षक के साथ परेड का निरीक्षण किया और मुख्यमंत्री का संदेश पढ़कर सुनाया। मुख्यमंत्री के संदेश के उपरांत परेड का आयोजन हुआ। पुलिस जवानों के साथ एनसीसी और एनएसएस के कैडेट्स ने राष्ट्रीय ध्वज को सलामी देते हुए परेड निकाली। इसके बाद विभिन्न शासकीय विभागों द्वारा आकर्षक झांकियों का प्रदर्शन किया गया। कार्यक्रम में स्कूली बच्चों ने देशभक्ति गीतों पर मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के बाद पुरस्कार वितरण समारोह शुरू हुआ, जिसमें स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को कलेक्टर द्वारा सम्मानित किया गया। शासकीय विभागों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस वर्ष कलेक्टर विवेक श्रोत्रिय ने सरकारी विभागों के अतिरिक्त सामाजिक क्षेत्र में सराहनीय कार्य करने वाली संस्थाओं और व्यक्तियों को भी गणतंत्र दिवस के मुख्य समारोह में सम्मानित किया। इस अवसर पर अपर कलेक्टर शिवराम मंडराह, एसडीएम संस्कृति लिटोरिया, तहसीलदार सत्येंद्र सिंह गुर्जर, नगर पालिका सीएमओ ओमपाल सिंह भदौरिया, भाजपा नेता विवेक चतुर्वेदी, एसपी मनोहर मंडलोई, एडिशनल एसपी विक्रम सिंह, एसडीओपी राहुल कटरे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, जनप्रतिनिधि और स्कूली बच्चे बड़ी संख्या में मौजूद रहे।


