बैतूल में कलेक्टर नरेंद्र सूर्यवंशी ने फहराया तिरंगा:गणतंत्र दिवस समारोह में परेड की सलामी ली, संदेश पढ़ा

बैतूल में गणतंत्र दिवस का जिला स्तरीय मुख्य समारोह शनिवार को पुलिस ग्राउंड में संपन्न हुआ। कलेक्टर नरेंद्र सूर्यवंशी ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया, परेड की सलामी ली और मुख्यमंत्री का संदेश पढ़ा। ध्वजारोहण के बाद आसमान में तिरंगे गुब्बारे छोड़े गए। समारोह में एसएएफ, जिला पुलिस बल, वन विभाग, होमगार्ड, शौर्य दल, एनसीसी, एनएसएस और विभिन्न स्कूलों की टुकड़ियों ने अनुशासित परेड प्रस्तुत की। परेड कमांडर दिनेश मस्कोले और सेकंड इन कमांड गजेंद्र केन थे। पुलिस बल का नेतृत्व उप निरीक्षक इरफान कुरैशी ने किया, जबकि एसएएफ प्लाटून की कमान उप निरीक्षक अखिलेश राव ने संभाली। जिला होमगार्ड की प्लाटून कमांडर सुनीता पंद्रे और वन विभाग की टुकड़ी का नेतृत्व अरविंद शुक्ला ने किया। जेएच कॉलेज की सीनियर विंग एनसीसी की अगुवाई अनुसुइया धुर्वे ने की, जबकि सीनियर डिवीजन एनसीसी का नेतृत्व निलेश उइके ने किया। एनएसएस यूनिट का नेतृत्व नरगिश शाह और नितिन पवार ने किया। ट्रैफिक वार्डन दल का नेतृत्व सनी ठाकुर ने संभाला। भारत भारती स्कूल और पुलिस बल के बैंड दलों ने देशभक्ति धुनें बजाईं। स्कूली बच्चों ने देशभक्ति से परिपूर्ण सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जिनमें गीत और नृत्य शामिल थे। विभिन्न विभागों की झांकियां भी आकर्षण का केंद्र रहीं, जिनमें शासन की योजनाओं और जनहितकारी संदेशों को प्रदर्शित किया गया। इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र जैन, अपर कलेक्टर वंदना जाट, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमला जोशी सहित कई अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *