सिंगरौली जिले में सोमवार को 77वां गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। जिला स्तरीय मुख्य समारोह बैढन स्थित राजमाता चुन कुमारी स्टेडियम में आयोजित किया गया। इसमें प्रदेश की पंचायत एवं ग्रामीण विकास राज्य मंत्री राधा सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। उन्होंने ध्वजारोहण किया, परेड की सलामी ली और मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन किया। इस अवसर पर सिंगरौली विधायक रामनिवास शाह, देवसर विधायक राजेंद्र मेश्राम, नगर निगम अध्यक्ष देवेश पांडे और सिंगरौली विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष सहित अन्य जनप्रतिनिधि मंच पर मौजूद रहे। कार्यक्रम में कलेक्टर गौरव बैनल, पुलिस अधीक्षक मनीष खत्री, जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक भी उपस्थित थे। समारोह में पुलिस बल, होमगार्ड, एनसीसी और स्काउट-गाइड के जवानों ने आकर्षक मार्च पास्ट किया। उपस्थित अतिथियों और दर्शकों ने इसकी सराहना की। इसके बाद जिले के विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। जिला स्तरीय समारोह के अतिरिक्त कलेक्टर कार्यालय, पुलिस अधीक्षक कार्यालय, नगर निगम, तहसील कार्यालय और अन्य शासकीय कार्यालयों में भी ध्वजारोहण कर गणतंत्र दिवस मनाया गया। इस दौरान राष्ट्रगान की गूंज सुनाई दी और लोगों ने संविधान तथा लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति अपनी आस्था व्यक्त की।


