मंडला जिले के कान्हा टाइगर रिजर्व से वन्यजीवन का एक वीडियो सामने आया है। इस वीडियो में एक बाघ और चीतल के बीच का रोमांचक दृश्य कैद हुआ है, जो जंगल के प्राकृतिक संतुलन को दर्शाता है। चीतल से करीब 50 फीट दूर बाघ अपने शिकार को काफी देर तक देखता रहा। ऐसा लगा कि जंगल के राजा का पेट भरा हुआ है वे शिकार के मूड में नहीं। इसके बाद बाघ चीतल को छोड़ दूसरी तरफ चला गया। वीडियो में एक बाघ घास के बीच छिपा हुआ, सतर्कता से चीतलों पर नज़र रखे हुए दिखाई देता है। एक चीतल अनजाने में बाघ के करीब आ जाता है। अचानक उसे खतरे का आभास होता है और वह ठिठक जाता है। बाघ की मौजूदगी का एहसास होते ही चीतल तुरंत अन्य जीवों को सतर्क करते हुए वहां से भाग निकलता है। यह वीडियो कान्हा मैदान क्षेत्र का बताया जा रहा है। इसमें दिख रहा बाघ जूनियर बजरंग (टी-118) है, जिसकी उम्र लगभग 8 वर्ष है। टी-118, प्रसिद्ध बाघिन नीलम (टी-65) और बाघ बजरंग (टी-64) की संतान है। इसका क्षेत्र कान्हा और किसली रेंज के पर्यटन क्षेत्रों में होने के कारण यह अक्सर पर्यटकों को दिखाई देता है। वन्यजीवन प्रेमियों के अनुसार, यह दृश्य जंगल में शिकारी और शिकार के प्राकृतिक व्यवहार को दर्शाता है, जहाँ हर जीव सतर्कता और सहज प्रवृत्ति के सहारे जीवित रहता है। पर्यटकों द्वारा रिकॉर्ड किया गया यह वीडियो जंगल के जीवंत और संतुलित पारिस्थितिकी तंत्र की झलक प्रस्तुत करता है।


