गणतंत्र दिवस 2026… सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह ने फहराया तिंरगा:मनेंद्रगढ़ में पहली बार महिला प्लाटून ने परेड में भाग लिया;झांकियां रही आकर्षण का केंद्र

जिला मुख्यालय मनेंद्रगढ़ में 77वां गणतंत्र दिवस मनाया गया। आमाखेरवा स्थित ग्राउंड में आयोजित जिला स्तरीय समारोह में राज्यसभा सांसद राजा देवेंद्र प्रताप सिंह ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और उपस्थित जनसमूह को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं। ध्वजारोहण के बाद सांसद ने परेड की सलामी ली। इस दौरान मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन किया गया, जिसमें प्रदेश के विकास, सुशासन, सामाजिक समरसता और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। मुख्यमंत्री के संदेश में संविधान की मूल भावना को आत्मसात करने और देश की एकता व अखंडता बनाए रखने का आह्वान भी किया गया। कार्यक्रम की एक खास उपलब्धि यह रही कि जिले में पहली बार महिला प्लाटून ने परेड में भाग लिया। महिला प्लाटून की अनुशासित परेड ने दर्शकों का मन मोह लिया और मैदान तालियों की गूंज से भर उठा। इसे महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। समारोह के दौरान पुलिस, होमगार्ड सहित अन्य टुकड़ियों ने भी आकर्षक परेड प्रस्तुत की। झांकियां रही आकर्षण का केंद्र अलग-अलग विभागों की ओर से निकाली गई झांकियों ने भी लोगों का ध्यान आकर्षित किया। इन झांकियों के माध्यम से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं, शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला-बाल विकास, स्वच्छता और ग्रामीण विकास सहित अन्य विभागों के कार्यों को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया गया। शहीद पुलिसकर्मियों के परिजनों को किया गया सम्मानित इस अवसर पर स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और शहीद पुलिसकर्मियों के परिजनों को सम्मानित किया गया। अतिथियों ने उन्हें शॉल, श्रीफल और प्रशस्ति पत्र भेंट कर उनके त्याग और बलिदान को याद किया।कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी गईं। जिला स्तरीय इस समारोह में जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के कर्मचारी, स्वतंत्रता सेनानियों के परिजन, शिक्षक, छात्र-छात्राएं और बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित रहे। समारोह का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *