निजी चिकन सेंटरों के 139 मुर्गिंयों को किया गया नष्ट:रायगढ़ में 10 KM के सभी मुर्गा दुकानें भी बंद, अलर्ट मोड पर प्रशासन, इंफेक्टेड जोन व सर्विलांस जोन की सीमाएं निर्धारित

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में सरकारी पोल्ट्री फार्म में बर्ड फ्लू की पुष्टि के बाद प्रशासन अलर्ट मोड पर है और शनिवार से लगातार निगरानी की जा रही है। ताकि निर्धारित दायरे में कोई भी मुर्गा-मुर्गिंयों की खरीदी बिक्री न हो सके। ऐसे में सरकारी पोल्ट्री फार्म के 1 किमी के दायरे के चिकन मार्केट को बंद कराकर वहां से 139 मुर्गिंयो को नष्ट कर दिया गया है। शनिवार को चक्रधर नगर क्षेत्र में संचालित होने वाले चिकन सेंटरों को बंद करा दिया गया था। इस दौरान जांच में यहां 4 मुर्गा दुकानों में 139 मुर्गा-मुर्गिंयां मिली। जिसे जब्त कर उसे कल ही नष्ट करने की प्रक्रिया पूरी कर ली गई थी। निजी दुकानों से जब्त किए गए मुर्गिंयों का मुआवजा प्रक्रिया के तहत उन दुकान संचालकों को भी दी जाएगी। इसके अलावा अंडा यहां नहीं मिला। साथ ही 10 किमी के दायरे के सभी मुर्गा दुकानों को भी बंद कराया गया है और खरीदी बिक्री नहीं करने की सलाह दी गई है। जांच टीम लगातार निगरानी भी कर रही है। ताकि किसी प्रकार से निर्धारित दायरे में मुर्गा-मुर्गिंयों की आवाजाही नहीं की जा सके। फार्म में भुसी हटाने का काम कर रहे
सरकारी पोल्ट्री फार्म में 11 शेड हैं। जहां आज दूसरे दिन इसमें साफ सफाई का काम लगातार किया जा रहा है। यहां शेड में डाले गए भुसी को हटाने का काम कर रहे हैं। जेसीबी से बड़ा गड्डा कर उसमें भुसी को डाल कर नियमानुसार उसे पैक किया जाएगा। ताकि केमिकल का छिड़काव कर बैक्टिरिया को पूरी नष्ट किया जा सके। इंफेक्टेड जोन और सर्विलांस जोन की सीमाएं निर्धारित
शासकीय कुक्कुट पालन प्रक्षेत्र चक्रधर नगर रायगढ़ के 1 किलोमीटर की परिधि को इन्फेक्टेड जोन व 1 से 10 किलोमीटर को सर्विलेंस जोन 03 माह की अवधि या आगामी आदेश पर्यन्त तक घोषित किया गया है। कलेक्टर कार्तिकेया गोयल के निर्देश पर अपर कलेक्टर रवि राही ने प्रतिबंधात्मक आदेश जारी किया है। जिसमें 1 किलोमीटर की परिधि में इन्फेक्टेड जोन की सीमा पूर्व दिशा में शासकीय पोल्ट्री फार्म दक्षिण चक्रधर नगर बेलादुला रायगढ़ से लोचन नगर बेलादुला तक, पश्चिम दिशा में शासकीय पोल्ट्री फार्म दक्षिण चक्रधर नगर बेलादुला रायगढ़ से मैरीन ड्राईव तक होगी। उत्तर दिशा में शासकीय पोल्ट्री फार्म दक्षिण चक्रधर नगर बेलादुला रायगढ़ से चक्रधरनगर चौक तक और दक्षिण दिशा में शासकीय पोल्ट्री फार्म दक्षिण चक्रधर नगर बेलादुला रायगढ़ से टी.व्ही टावर रायगढ़ तक होगी। इस इन्फेक्टेड जोन से पोल्ट्री प्रोडक्ट की आवाजाही पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी
ये होगी सर्विलांस जोन की सीमा
1 से 10 किलोमीटर की परिधि में सर्विलांस जोन की सीमा इस प्रकार होगी। पूर्व दिशा में शासकीय पोल्ट्री फार्म दक्षिण चक्रधर नगर बेलादुला रायगढ़ से ग्राम लोंईग तक, पश्चिम दिशा में शासकीय पोल्ट्री फार्म दक्षिण चक्रधर नगर बेलादुला रायगढ़ से ग्राम कोतरा तक होगी। उत्तर दिशा में शासकीय पोल्ट्री फार्म दक्षिण चक्रधर नगर बेलादुला रायगढ़ से रेगड़ा तक तथा दक्षिण दिशा में शासकीय पोल्ट्री फार्म दक्षिण चक्रधर नगर बेलादुला रायगढ़ से औरदा तहसील पुसौर तक यह सीमा होगी। सर्विलेंस जोन में पोल्ट्री एवं सह उत्पादों मुर्गा, अण्डे आदि के मार्केट एवं दुकाने पूरी तरह बंद रखा जाएगा एवं इनके द्वारा की जाने वाली डोर-टू-डोर डिलीवरी भी बंद रहेगी।
अफवाह फैलाई तो होगी कार्रवाई
यह आदेश तत्काल प्रभावशील होगा। जिले में किसी भी द्वारा किसी प्रकार की अफवाह किसी भी माध्यम से नहीं फैलाई जाएगी। आदेशों का उल्लंघन करने पर विधिक प्रावधानों के तहत नियमानुसार दण्डात्मक कार्यवाही की जाएगी। किसी भी व्यक्ति द्वारा उपर्युक्त प्रतिबंधात्मक आदेशों का उल्लंघन करने पर उनके विरूद्ध भारतीय न्याय संहिता, पशुओं में संक्रामक और सांसर्गिक रोगों का निवारण और नियंत्रण अधिनियम, 2009 एवं अन्य सुसंगत विधिक प्रावधानों के तहत दण्डात्मक कार्यवाही की जाएगी। आपात कालीन स्थिति के लिए जिला कंट्रोल रूम रायगढ़ में स्थापित टेलीफोन नं. 07762-223750 से सम्पर्क किया जा सकता है। लगातार निगरानी की जा रही
इस संबंध में पशु चिकित्सा विभाग के उप संचालक डाॅ डीबी झरिया ने बताया कि प्रशासन अलर्ट मोड पर है। 4 निजी दुकानों के 139 मुर्गिंयो को नष्ट किया गया है। आज पोल्ट्री फार्म के भुसी को निकाल कर उसे गड्ढे में डालकर नष्ट किया जा रहा है। 10 किमी के दायरे में भी टीम द्वारा लगातार निगरानी की जा रही है। अगर कोई चिकन सेंटर खुला मिलता है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। ……………………………….. यह खबर भी पढ़ें… रायगढ़ के सरकारी पोल्ट्री फार्म में फैला बर्ड फ्लू:12000 चूजे, 5000 मुर्गियों को मारा गया, 17 हजार अंडे नष्ट; निगरानी में 10KM एरिया छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में बर्ड फ्लू की पुष्टि हुई है। शुक्रवार रात सरकारी पोल्ट्री फार्म में बर्ड फ्लू का मामला सामने आने के बाद कलेक्टर समेत प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा। रात में ही यहां की 5 हजार मुर्गियों, 12 हजार चूजे और 17 हजार अंडों को नष्ट किया गया है। पूरी खबर यहां पढ़े…

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *