राजनांदगांव में 35वें राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह का रविवार को समापन हुआ। इस दौरान जिले में चलाए गए विशेष जन-जागरूकता अभियान ने एक नया कीर्तिमान स्थापित किया। जिले के 127 स्कूल-कॉलेजों के माध्यम से यातायात, साइबर और नशे के विरुद्ध चलाए गए अभियान में 21 हजार 897 लोगों को जागरूक किया गया। इसमें 7,623 लोगों द्वारा भरे गए शपथ पत्र को ‘गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स’ में दर्ज किया गया। सड़क सुरक्षा पर आधारित कई आयोजन हुए कार्यक्रम के दौरान स्कूली छात्रों के लिए सड़क सुरक्षा पर आधारित विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिसमें चित्रकला, स्लोगन, वाद-विवाद, निबंध और रंगोली शामिल थीं। इन प्रतियोगिताओं में शहर के 384 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। गणतंत्र दिवस पर निकाली गई रोड सेफ्टी झांकी के माध्यम से आम जनता को यातायात नियमों का पालन करने का संदेश दिया गया। निःशुल्क नेत्र शिविर लगाया गया माह के दौरान विशेष पहल करते हुए ठाकुरटोला टोल प्लाजा में निःशुल्क नेत्र शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें 50 लोगों ने लाभ उठाया। यातायात जागरूकता के लिए 4,000 पैम्फलेट वितरित किए गए। जागरूकता रैलियां निकाली गईं स्काउट कैडेट्स और यातायात विभाग द्वारा शहर में जागरूकता रैलियां निकाली गईं। सत्र न्यायाधीश, कलेक्टर और एसपी की उपस्थिति में हेलमेट जागरूकता रैली का आयोजन किया गया, जिसमें हेलमेट पहनने वाले दोपहिया वाहन चालकों को गुलाब देकर सम्मानित किया गया। शहर से लेकर गांवों तक किया यातायात नियमों का प्रचार यातायात रथ के माध्यम से शहर और गांवों में यातायात नियमों का प्रचार-प्रसार किया गया। कार्यक्रम के समापन पर विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कृत किया गया। सड़क सुरक्षा माह में सराहनीय योगदान देने वाले मीडियाकर्मियों को प्रशस्ति पत्र और मोमेंटो से सम्मानित किया गया।


