खैरथल-तिजारा जिले के तिजारा थाना क्षेत्र के कागजी मोहल्ले में शादी समारोह के दौरान भातियों से हुआ मामूली विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। कागजी मोहल्ला निवासी राजेश प्रजापत ने बताया कि पड़ौस में बीती रात शादी का कार्यक्रम था। इसी दौरान हंसी-मजाक को लेकर दो पक्षों में कहासुनी हो गई, जो बाद में गंभीर झगड़े में बदल गई।
राजेश प्रजापत का आरोप है कि सोमवार सुबह दूसरे पक्ष के बिरजू, ओमप्रकाश और बिल्लू सहित करीब 40 से 50 लोगों ने उनके परिवार पर लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से हमला कर दिया। इस हमले में संजय प्रजापत, अशोक, नंदू, राजेश और रामादेवी गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां संजय प्रजापत की हालत गंभीर होने पर उसे अलवर रैफर किया गया है।
पीड़ित पक्ष का यह भी आरोप है कि दूसरे पक्ष का एक व्यक्ति भी घायल हुआ है, लेकिन उसे अस्पताल में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, जबकि उनके घायलों को पर्याप्त उपचार नहीं मिल रहा। घटना की सूचना तिजारा थाना पुलिस को दी गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और घटनास्थल पर शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है।


