गणतंत्र दिवस के अवसर पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने इंदौर के गांधी भवन में तिरंगा फहराया। इस मौके पर बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे, जो लंबे समय बाद पार्टी मुख्यालय पर दिखी भीड़ थी। ध्वजारोहण के बाद पटवारी ने भाजपा सरकार और प्रशासन पर जमकर निशाना साधा। पटवारी ने मुख्य रूप से मुख्य सचिव अनुराग जैन के हालिया बयान पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि कलेक्टर कॉन्फ्रेंस में सीएस अनुराग जैन ने कहा था कि ‘कोई भी कलेक्टर बिना पैसे लिए काम नहीं करता’। पटवारी ने इसे आधार बनाते हुए आरोप लगाया कि मध्य प्रदेश में कलेक्टरों की पोस्टिंग पैसे के लेन-देन से हो रही है। उन्होंने कहा, “यह इसलिए हो रहा है क्योंकि कलेक्टरों की पोस्टिंग पैसों से हो रही है। पलटकर वे बीजेपी के नौकर और कार्यकर्ता के रूप में काम करते हैं। यह संवैधानिक संकट की स्थिति है। उन्होंने राज्य में हाल की कई घटनाओं का जिक्र करते हुए सरकार की नाकामी पर सवाल उठाए। किसी मंत्री का इस्तीफा नहीं हुआ पटवारी बोले एमवाय में चूहा कांड हुआ, भागीरथपुरा में 28 मौतें हो गईं। मंत्री विजय शाह सेना पर अनर्गल बयान दे रहे हैं, लेकिन किसी का भी इस्तीफा नहीं हुआ। भागीरथपुरा में यह सामने आया, महू में भी बच्चे बीमार हुए। एक गिलास शुद्ध पानी भी नहीं दिया जा रहा है। पटवारी ने कहा आज देश के 20 फीसदी लोगों के पास 80 फीसदी संपत्ति है। यह चिंता का विषय है। अमीर अमीर हो रहा है और गरीब गरीब। बीते दो सालों में मध्य प्रदेश से सबसे ज्यादा नकारात्मक खबरें आई हैं। यह चिंता की बात है। SIR पर सतर्क रहने के लिए कहा विशेष समूह संशोधन (SIR) पर पटवारी ने कार्यकर्ताओं को सतर्क रहने की अपील की। उन्होंने कहा, “SIR पर सभी कांग्रेस कार्यकर्ता नजर रखे हुए हैं। हर बूथ की मतदाता सूची पर ध्यान है। यदि किसी चुनाव अधिकारी या बीएलओ ने अवैध नाम जोड़ा या वैध नाम काटा तो इसमें एफआईआर के प्रावधान हैं। एक साल की सजा का भी प्रावधान है। कांग्रेस सभी को चेतावनी दे रही है कि ऐसा कोई काम मत करें, नहीं तो बीएलओ के लिए सलाखों के पीछे जाना तय है।


