मंत्री खर्रा ने नगरपालिका भवन का किया शिलान्यास:रतनगढ़ में इंडोर स्टेडियम सहित कई विकास कार्यों का भी किया लोकार्पण

नगरीय विकास एवं स्वायत्त शासन मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने रतनगढ़ में नगर पालिका के नवीन भवन का शिलान्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने इंडोर स्टेडियम, खेल मैदान, ड्रेनेज और विभिन्न विकास कार्यों का भी लोकार्पण किया। यह कार्यक्रम सेठ भंवरलाल बुधमल दूगड़ राजकीय नेहरु स्टेडियम के इंडोर स्टेडियम परिसर में आयोजित किया गया। मंत्री खर्रा का कार्यक्रम स्थल पर पुष्प वर्षा, ढोल-ताशों और नारों के साथ भव्य स्वागत किया गया। क्षेत्र की सामाजिक एवं व्यापारिक संस्थाओं ने उन्हें साफा, माला, शॉल और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए स्वायत्त शासन मंत्री खर्रा ने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार इन्फ्रा-स्ट्रक्चरल डेवलपमेंट पर विशेष रूप से कार्य कर रही है। उन्होंने जोर दिया कि जनहित में किए जाने वाले सभी कार्य मजबूत और टिकाऊ होने चाहिए, ताकि आमजन को उनका फायदा लंबे समय तक मिल सके। उन्होंने गुणवत्तापूर्ण विकास कार्यों के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई। नगर पालिका मंडल अध्यक्ष अर्चना सारस्वत ने अतिथियों का अभिनंदन किया। पूर्व विधायक अभिनेष महर्षि ने कहा कि क्षेत्र के विकास कार्यों के लिए स्वायत्त शासन विभाग से भरपूर सहयोग मिला है। उन्होंने अपने विधायक कार्यकाल के दौरान सीवरेज-ड्रेनेज सहित विभिन्न विकास कार्यों के लिए किए गए प्रयासों का उल्लेख किया और रतनगढ़ को प्रदेश में श्रेष्ठ पहचान दिलाने का संकल्प व्यक्त किया। इस अवसर पर विधायक पूसाराम गोदारा और भाजपा प्रदेश कोषाध्यक्ष पंकज गुप्ता ने भी संबोधित किया। नगर पालिका मंडल रतनगढ़ के अधिशाषी अभियंता डॉ. सहदेव दान चारण ने अतिथियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन कुलदीप व्यास ने किया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *