गुमला में बीती देर रात एक 65 वर्षीय वृद्ध महिला की निर्मम हत्या कर दी गई है। अज्ञात हमलावरों ने महिला के सिर पर पत्थर से वार कर उसे मौत के घाट उतार दिया। घटना चैनपुर थाना क्षेत्र स्थित भठोली गांव की है। परिजनों ने तंत्र-मंत्र करने और महिला पर डायन का आरोप लगा हत्या करने की आशंका जाहिर की है। इधर, इस घटना से पूरे गांव में दहशत का माहौल है। मृतका की पहचान शांति देवी के रूप में की गई। मृतका के पुत्र कमलेश रौतिया ने बताया कि मां पकरी टोली स्थित एक रिश्तेदार के दशकर्म में शामिल होने गई थीं। महिला बेटी के पास जाने के लिए निकली थी घर से वहां से लौटने के बाद वो बहन के घर जाने के लिए निकलीं, जो उसी गांव के दूसरे टोली में रहती है। इसी दौरान उनकी हत्या कर दी गई। हत्या से पहले महिला के साथ बुरी तरह मारपीट करने का शक मृतका के दामाद सुरेश रौतिया, पुत्र कमलेश भगत और पुत्रवधू बिंदिया कुमारी ने आशंका जताई है कि यह मामला डायन-बिसाही से जुड़ा है। घटनास्थल पर महिला का दाहिना हाथ टूटा हुआ पाया गया, जिससे यह प्रतीत होता है कि हत्या से पहले उनके साथ बुरी तरह मारपीट की गई थी। इसके बाद सिर पर पत्थर से वार कर उनकी हत्या की गई। परिजनों के अनुसार, मृतका के साथ पहले भी कुछ लोगों द्वारा मारपीट की गई थी, जिसे आपसी स्तर पर सुलझा लिया गया था। हालांकि, इस बार मामला गंभीर हो गया और महिला की जान चली गई। वहीं, पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गंभीरता से जांच में जुट गई है। गांव में फिलहाल तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है।


