ग्राउंड में खेलने गए बच्चों को नीले रंग की पोटली में एक सिर दिखा। यह 24 घंटे का नवजात बच्चा था। गले पर कपड़े की रस्सी कसी हुई थी। सीने के नीचे का हिस्सा कुत्ते खा चुके थे। इस हाल में बच्चा देख सनसनी फैल गई। घटना खैरथल-तिजारा जिले के कोटकासिम थाना इलाके के पाटन अहीर कांग की है। बॉडी को रविवार शाम 4.15 बजे कोटकासिम हॉस्पिटल लाया गया। डॉक्टर ने कहा- जेंडर तक पता नहीं लगा पाए। कोटकासिम थाने के एएसआई ओम प्रकाश ने बताया- पाटन अहीर गांव के कोटकासिम रोड पर एक खेल मैदान है। रविवार होने के कारण दोपहर 2 बजे गांव के कुछ बच्चे मैदान में खेलने पहुंचे। वहां एक ग्राउंड के किनारे झाड़ियों में एक नीले रंग के कपड़े में बंधा बच्चे का सिर नजर आया। बच्चों ने इसकी सूचना गांव जाकर परिजन को दी। गांववाले मैदान में पहुंचे और बच्चे का क्षत-विक्षत शव देखा। इसके बाद दोपहर 2.30 बजे पुलिस कंट्रोल रूम को शव मिलने की सूचना दी। मौके पर कोटकासिम थाना से ASI ओमप्रकाश जाप्ते के साथ मौके पर पहुंचे। शव को कब्जे में लेकर शाम 4:15 बजे कोटकासिम अस्पताल पहुंचे। हम आसपास के अस्पतालों में एक-दो दिन में होने वाले डिलीवरी केस के बारे में जानकारी जुटा रहे हैं। बच्चे के माता-पिता की पहचान करने की कोशिश कर रहे हैं। डॉक्टर बोले- जेंडर तक पता नहीं लग पाया कोटकासिम ब्लॉक के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर गोविंद सिंह ने बताया- यह एक नवजात शिशु की बॉडी थी। शरीर में सिर्फ सिर, सीना और दो हाथ थे। गले पर एक कपड़े की पट्टी कसकर बांधी गई थी। ऐसा लगता है कि इस कपड़े से गला घोंटकर बच्चे का मर्डर किया गया। फिर शव को कपड़े से बांधकर झाड़ियों में फेंक दिया गया। बच्चे का सीने के नीचे का हिस्सा गायब था। कुत्ते बच्चे का नीचे का हिस्सा खा गए। ऐसे में हम उसके जेंडर तक की पहचान नहीं कर सके कि वह लड़की है या लड़का। पोस्टमॉर्टम कर दफनाया शव का पोस्टमॉर्टम करा कर कोटकासिम में ही स्थित श्मशान घाट के पास नर्सरी में दफनाया है। फिलहाल पुलिस ने मर्ग दर्ज कर ली है।


