जयपुर में बसंत पंचमी के शुभ अवसर पर यदुवंशी समाज की ओर से रविवार को एक भव्य सामूहिक विवाह सम्मेलन का आयोजन किया गया। जवाहर नगर स्थित जन-उपयोगी केंद्र में आयोजित इस कार्यक्रम में 20 जोड़ों ने विवाह के पवित्र बंधन में बंधकर नई जीवन की शुरुआत की। सम्मेलन के अध्यक्ष विनोद यदुवंशी ने बताया कि यह आयोजन समाज में एकता, समानता और परस्पर सहयोग की भावना को बढ़ावा देने के साथ-साथ फिजूलखर्ची को रोकने के उद्देश्य से किया गया। देशभर से आए लगभग 5000 लोगों की उपस्थिति ने इस आयोजन की सफलता को प्रमाणित किया। समाज के भामाशाहों ने इस धार्मिक कार्य में बढ़-चढ़कर अपना सहयोग दिया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सिविल लाइंस के विधायक गोपाल शर्मा और हेरिटेज महापौर कुसुम यादव ने शिरकत की। उन्होंने सभी नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद और शुभकामनाएं दीं। विनोद यदुवंशी ने युवा पीढ़ी को संबोधित करते हुए एक महत्वपूर्ण संदेश दिया। उन्होंने बालिकाओं को शिक्षा प्राप्त कर परिवार का नाम रोशन करने की प्रेरणा दी। साथ ही, उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे विवाह में अनावश्यक खर्च से बचें और सामूहिक विवाह को प्राथमिकता दें, जिससे दहेज जैसी सामाजिक बुराई को समाप्त किया जा सके।


