बालाघाट में लापता बच्चे का शव नहर में मिला:रविवार शाम को हुआ था लापता, आखिरी बार दिखा था दुकान के पास

बालाघाट जिले के वारासिवनी थाना क्षेत्र में 25 जनवरी की शाम से लापता पांच वर्षीय मासूम नमन बाजनघाटे का शव आज नहर से बरामद किया गया। नमन, राजकुमार उर्फ छोटा बाजनघाटे का बेटा था। सूचना मिलने पर वारासिवनी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नहर से बाहर निकाला। जानकारी के अनुसार, कायदी के जोड़ापाट निवासी नमन 25 जनवरी की शाम करीब 6 बजे घर से लापता हो गया था। उस समय परिवार के सदस्य अपने काम में व्यस्त थे। नमन के घर में न दिखने पर परिजनों ने गांव और आसपास के इलाकों में उसकी तलाश की, लेकिन वह नहीं मिला। परिजनों ने इसकी सूचना वारासिवनी पुलिस को दी। पुलिस और ग्रामीण देर रात तक नमन की खोजबीन करते रहे, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। 26 जनवरी को तलाश के दौरान जोड़ापाट से लगभग एक किलोमीटर दूर गांव के समीप से बहने वाली नहर में नमन का शव दिखाई दिया। शव मिलने की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। सूचना पर वारासिवनी एसडीओपी विकास सिंह और थाना प्रभारी सहित अन्य पुलिस अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। एसडीओपी विकास सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया बच्चे की मौत पानी में डूबने से प्रतीत होती है, क्योंकि शरीर पर कोई चोट के निशान नहीं मिले हैं। उन्होंने यह भी बताया कि कल शाम उसे दादी की दुकान की तरफ देखा गया था। मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *