सिरसा जिला साइबर क्राइम थाना की विशेष टीम ने साइबर ठगी के एक बड़े मामले में कार्रवाई करते हुए दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। थाना प्रभारी इंस्पेक्टर श्याम सुंदर ने बताया कि दोनों आरोपियों को पंजाब के अबोहर क्षेत्र से काबू किया गया है। यह मामला रानियां थाना क्षेत्र के एक गांव के व्यक्ति से करीब 12 लाख 22 हजार 165 रुपए की ठगी से जुड़ा है। आरोपियों ने पीड़ित को शेयर मार्केट में ट्रेडिंग कर मोटा मुनाफा कमाने का लालच देकर ठगा था। टेलीग्राम ऐप के जरिए दिया गया झांसा पीड़ित ने पुलिस को बताया कि 11 अक्टूबर 2025 को उसे एक अज्ञात नंबर से फोन आया। कॉल करने वाले ने उसे टेलीग्राम ऐप से जुड़ने और शेयर मार्केट में निवेश कर मुनाफा कमाने का सुझाव दिया। शुरुआत में साइबर अपराधियों ने पीड़ित के निवेश पर दोगुना मुनाफा दिखाकर उसका विश्वास जीत लिया। इसके बाद पीड़ित ने कुल 12 लाख रुपए से अधिक की राशि निवेश कर दी। जब उसने पैसे निकालने की कोशिश की, तो लिंक बंद मिला और वह ठगी का शिकार हो गया। पहले भी तीन आरोपी गिरफ्तार पीड़ित की शिकायत पर 12 अक्टूबर 2025 को साइबर थाना सिरसा में मामला दर्ज किया गया था। जांच के दौरान पुलिस ने पहले ही तीन आरोपियों को राजस्थान से गिरफ्तार किया था। अब दो और आरोपियों — लवजोत सिंह निवासी सिड्स फार्म कच्चा अबोहर, जिला फाजिल्का (पंजाब) और प्रिंस निवासी तनेजा कॉलोनी पीर नगर, फाजिल्का (पंजाब) — को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों को भेजा गया न्यायिक हिरासत में पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। मामले की जांच जारी है और पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान जो भी व्यक्ति इस ठगी नेटवर्क में शामिल पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


