भास्कर न्यूज | चिरमिरी शासकीय विद्यालय परिसर में विद्यालय प्रबंधन व विकास समिति एसएमडीसी की बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में जनप्रतिनिधियों, विद्यालय प्रशासन, शिक्षक व समिति के सदस्यों की उपस्थिति रही। इस दौरान बैठक में शाला समिति के अध्यक्ष महापौर रामनरेश राय ने भी विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों, व्यवस्थाओं और भविष्य की योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की। बैठक के दौरान उद्बोधन के माध्यम से विद्यालय के विद्यार्थियों को संबोधित किया। महापौर राय ने विद्यार्थियों को आगामी परीक्षाओं के लिए शुभकामनाएं दी और उन्हें पूरी निष्ठा, लगन और आत्मविश्वास के साथ अध्ययन करने प्रेरित किया। उन्होंने विद्यार्थियों को यह संदेश दिया कि सफलता का मार्ग निरंतर मेहनत, अनुशासन और सकारात्मक सोच से होकर गुजरता है। यदि छात्र अपने लक्ष्य के प्रति सजग रहते हुए नियमित अध्ययन करें, तो कोई भी चुनौती असंभव नहीं होती। उन्होंने यह भी कहा कि परीक्षा केवल ज्ञान का मूल्यांकन नहीं, बल्कि आत्मविश्वास और धैर्य की भी परीक्षा होती है। विद्यार्थियों को भयमुक्त होकर परीक्षा में शामिल होने, समय का सदुपयोग करने और अपने शिक्षकों द्वारा दिए गए मार्गदर्शन का पालन करने की सलाह दी। साथ ही छात्रों को प्रेरित किया कि शिक्षा ही वह सशक्त माध्यम है, जो व्यक्ति के जीवन को नई दिशा और समाज को प्रगति की राह दिखाता है। बैठक के दौरान विद्यालय प्रशासन द्वारा विद्यालय से संबंधित विभिन्न आवश्यकताओं व मांगों को समिति के समक्ष रखा। इनमें शैक्षणिक संसाधनों की उपलब्धता, भौतिक सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण और विद्यार्थियों के समग्र विकास से जुड़ी आवश्यकताओं पर विशेष रूप से चर्चा हुई। महापौर ने प्रस्तुत मांगों को गंभीरता से सुना और उन्हें पूर्ण करने यथासंभव सहयोग प्रदान करने का आश्वासन दिया। इसके अतिरिक्त, संबंधित विभागों के माध्यम से आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने की बात भी कही, ताकि विद्यालय में अध्ययनरत विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराया जा सके। बैठक में सभी सदस्यों ने विद्यालय के सर्वांगीण विकास के लिए मिल-जुलकर कार्य करने का संकल्प लिया। बैठक में विद्यालय प्राचार्य रजनी सोलोमन एमएच अंसारी मौजूद रहे। बैठक में उपस्थित स्कूल के शिक्षक, विकास समिति एसएमडीसी के सदस्य।


