जयपुर में नाकाबंदी के दौरान तैनात पुलिसकर्मियों पर हमला करने का मामला सामने आया है। चैकिंग के दौरान रुकने का इशारा करने पर हमलावर ने पुलिसकर्मियों पर कार चढ़ाने की कोशिश की। साथियों को बुलाकर पुलिसकर्मियों की गिरेबान पकड़कर धमकाते हुए मारपीट की। मालपुरा गेट थाना पुलिस ने राजकार्य में बाधा का प्रकरण दर्ज कर आरोपी हमलावरों को डिटेन किया है। पुलिस ने बताया- मुहाना के खातीपुरा बाढ निवासी राजवीर सिंह (55) ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है। वह राजस्थान पुलिस ने हेड कॉन्स्टेबल के पद पर तैनात है। शुक्रवार रात 11 बजे से सुबह 5 बज तक इंडिया गेट के पास टोंक रोड पर नाकाबंदी ड्यूटी थी। ड्यूटी में हेड कॉन्स्टेबल राजवीर सिंह के साथ कॉन्स्टेबल नन्द किशोर व विजेन्द्र कुमार नाकाबंदी में वाहनों की चैकिंग कर रहे थे। रात करीब 11:45 बजे एक कार को रोकने के लिए इशारा किया गया। बड़ी मुश्किल से रोकने पर पुलिस जाब्ते के ऊपर कार चढ़ाने की कोशिश की। कार रोकने पर खुद को अंदर से लॉक कर मोबाइल पर बात करने लगा। साथियों को बुलाकर की मारपीट
कुछ ही देर में बाइक पर उसके दो-तीन साथी आ गए। जिनके आकर रुकने पर लॉक खोलकर वह भी कार से बाहर आ गया। उन्होंने कॉन्स्टेबल नंद किशोर का गरेबान पकड़ लिया। बीच-बचाव करने के दौरान दो-तीन ओर लड़के आ गए। सभी ने मिलकर धमकी देते हुए तीनों पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट की। मोबाइल से वीडियो बनाकर धमकाया- हम इंडिया गेट के शराब के ठेकेदार है। आज तक किसी पुलिसवाले की हिम्मत नहीं हुई, हमे रोकने की। पुलिसकर्मियों से मारपीट करते देखकर इकट्ठा हुए राहगीरों की मदद से चार लड़कों को पकड़ा गया। पुलिस स्टेशन ले जाने के दौरान एक लड़का रेलिंग कूदकर भागते समय चोटिल हो गया। पकड़कर थाने लेकर आए चारों लड़के शराब के नशे में थे। उन्होंने अपना नाम सुमेर चौधरी, कृष्ण कुमार, हनुमान और भागीरथ बताया। मालपुरा गेट थाने में नाकाबंदी में पुलिसकर्मियों से मारपीट कर राजकार्य में बाधा पहुंचाने का मामला दर्ज करवाया गया।


