ग्वालियर के हजीरा थाना क्षेत्र स्थित ट्रिपल आईटीएम कॉलेज कैंपस में रविवार शाम बिल्डिंग की दूसरी मंजिल से गिरकर एक मजदूर की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ, जब मजदूर पानी की पाइपलाइन निकालने गया था। मृतक की पहचान 38 वर्षीय मोहम्मद इम्तियाज पुत्र मोहम्मद असीम के रूप में हुई है। इम्तियाज पिछले छह महीने से कैंपस में मजदूरी कर रहा था। घटना शाम करीब 5:30 बजे की है। पाइपलाइन निकालते समय अचानक संतुलन बिगड़ने से इम्तियाज छत से नीचे गिर गया। हादसे के बाद मौके पर मौजूद अन्य मजदूर उसे तत्काल इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इम्तियाज मूल रूप से बिहार का रहने वाला था। उसके परिवार में 14 वर्ष का बड़ा बेटा, 12 वर्ष का दूसरा बेटा, 10 वर्ष की बेटी और 2 वर्ष सबसे छोटा बेटा है। सूचना मिलने पर हजीरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्ट मार्टम के लिए भेजा। सोमवार को पोस्ट मार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। हजीरा थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह तोमर ने बताया कि ट्रिपल आईटीएम कॉलेज की दूसरी मंजिल से काम के दौरान मजदूर के गिरने की सूचना मिली थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की और मर्ग कायम कर शव का पोस्ट मार्टम कराया गया है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।


