सिवनी जिले के छपारा नगर परिषद क्षेत्र में 76वें गणतंत्र दिवस समारोह के दौरान एक बुजुर्ग को अटैक आ गया। नगर परिषद के एक कर्मचारी ने अपनी सूझबूझ और तत्परता से एक बुजुर्ग को समय पर सीपीआर (CPR) देकर उनकी जान बचाई। ऐसे हुई घटना यह घटना छपारा नगर परिषद के वार्ड क्रमांक 2, सुभाष वार्ड की है। गणतंत्र दिवस के अवसर पर झंडावंदन कार्यक्रम संपन्न होने के तुरंत बाद, वहां मौजूद बुजुर्ग मुनीलाल उइके की अचानक तबीयत बिगड़ गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बुजुर्ग अचानक जमीन पर गिर पड़े और बेहोश हो गए, जिससे कार्यक्रम स्थल पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी मच गई। इसी दौरान, नगर परिषद के सह वार्ड प्रभारी प्रदीप उइके ने बिना समय गंवाए स्थिति को संभाला। उन्होंने तुरंत बुजुर्ग के पास पहुंचकर उनकी नब्ज और सांस की जांच की। प्राथमिक उपचार के रूप में प्रदीप उइके ने तत्काल कार्डियो पल्मोनरी रिससिटेशन (CPR) देना शुरू किया। प्रदीप उइके द्वारा सीपीआर देने का परिणाम रहा कि कुछ ही क्षणों में बुजुर्ग मुनीलाल उइके की सांसें वापस लौट आईं और उनकी हालत में सुधार दिखाई देने लगा। स्थिति खतरे से बाहर नगर परिषद वार्ड के पार्षद दिनेश उइके और प्रभारी गणेश झरिया ने सक्रियता दिखाते हुए बुजुर्ग को तत्काल वाहन से अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों द्वारा उनका उपचार जारी है और फिलहाल उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है। आपदा की घड़ी में बचाई जान प्रदीप उइके के इस कार्य की पूरे नगर में सराहना हो रही है। लोगों का कहना है कि यदि समय पर सीपीआर नहीं दिया जाता, तो स्थिति गंभीर हो सकती थी। गणतंत्र दिवस पर प्रदीप उइके द्वारा किया गया यह कार्य प्रेरणादायक है और दर्शाता है कि आपदा की घड़ी में सही निर्णय और तत्परता से किसी की जान बचाई जा सकती है।


