गुना में 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर सरकारी कार्यालयों में आन-बान-शान के साथ राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया। पुलिस अधीक्षक (SP) कार्यालय परिसर में एसपी अंकित सोनी ने ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी। वहीं, कलेक्ट्रेट में कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल ने तिरंगा फहराया। इस दौरान राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ और अधिकारियों ने एक-दूसरे को बधाई दी। ध्वजारोहण के बाद पुलिस अधीक्षक अंकित सोनी ने पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों और जिलेवासियों को गणतंत्र दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा- “आम नागरिकों की सुरक्षा, शांति एवं विश्वास बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। जिले में कानून व्यवस्था सुदृढ़ बनाए रखने के लिए गुना पुलिस सदैव तत्पर, मुस्तैद एवं संवेदनशील रहकर अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर रही है।” मदद के लिए 24 घंटे तैयार है पुलिस एसपी ने नागरिकों को भरोसा दिलाते हुए कहा कि किसी भी आपात स्थिति, समस्या अथवा सहायता की आवश्यकता होने पर गुना पुलिस आम नागरिकों की हर संभव मदद के लिए 24 घंटे तत्पर है। उन्होंने नागरिकों से पुलिस प्रशासन के साथ सहयोग बनाए रखने, कानून का पालन करने एवं सामाजिक सौहार्द व भाईचारे को बनाए रखने की अपील की। कलेक्ट्रेट में अधिकारियों ने दी सलामी उधर, कलेक्टर कार्यालय में कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इस दौरान एडीएम अखिलेश जैन, डिप्टी कलेक्टर मंजूषा खत्री, महिमा चौधरी सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी और कलेक्टर कार्यालय का स्टाफ मौजूद रहा। कलेक्टर ने उपस्थित सभी लोगों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं। भाजपा कार्यालय में भी हुआ ध्वजारोहण हाट रोड स्थित भाजपा कार्यालय पर भी गणतंत्र दिवस मनाया गया। यहां भाजपा जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र सिकरवार ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इस दौरान भाजपा के जिला पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। जिलाध्यक्ष ने सभी को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आज देश निरंतर प्रगति कर रहा है।


